जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में कपड़ा शोरूम की छत पर युवती का शव मिलने का मामला लगातार उलझता जा रहा है। मृतका की पहचान दीपा सागर के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में जहां पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हैंगिंग यानी फांसी बताया गया है, वहीं अब मोबाइल फोन से WhatsApp चैट और कॉल डिटेल गायब होने के आरोपों ने मामले को नया मोड़ दे दिया है। परिजनों ने आशंका जताई है कि युवती के मोबाइल से महत्वपूर्ण जानकारियां हटाई गई हैं। ऐसे में पुलिस अब मोबाइल की फॉरेंसिक जांच के साथ CCTV फुटेज, कॉल डिटेल और घटनास्थल से जुड़े सभी साक्ष्यों की पड़ताल कर रही है।

29 अक्टूबर के बाद की WhatsApp चैट गायब होने का आरोप
मृतका के परिजनों का आरोप है कि दीपा के मोबाइल फोन में 29 अक्टूबर के बाद की WhatsApp चैट उपलब्ध नहीं है। इसके अलावा 1 नवंबर को हुई कुछ महत्वपूर्ण फोन कॉल की जानकारी भी मोबाइल से गायब होने की बात कही जा रही है। परिजनों ने इसे सामान्य घटनाक्रम मानने से इनकार करते हुए मोबाइल के साथ छेड़छाड़ और संभावित साक्ष्य मिटाए जाने की आशंका जताई है।
परिजनों के मुताबिक, 1 नवंबर को शाम 5 बजकर 38 मिनट पर दीपा के भाई ने उसके मोबाइल पर फोन किया था। दोनों के बीच करीब 2 मिनट 38 सेकंड तक बातचीत हुई। इसके बाद रात 8 बजकर 47 मिनट पर भाई ने दोबारा उसी नंबर पर कॉल किया। इस बार फोन दीपा ने नहीं, बल्कि बाफना हाउस के एक कर्मचारी ने उठाया। कर्मचारी ने बताया कि दीपा कहीं चली गई है। अब पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि शाम 5:38 बजे से रात 8:47 बजे के बीच आखिर क्या हुआ और उस दौरान दीपा कहां थी?
2 नवंबर को शोरूम की छत पर मिला था शव
पूरा मामला जगदलपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित बाफना लाइफस्टाइल कपड़ा शोरूम का है। परिजनों के अनुसार, दीपा 1 नवंबर को रोजाना की तरह काम करने दुकान पहुंची थी। शाम करीब 6 से 6:30 बजे के बाद वह दुकान से कहीं चली गई, जिसके बाद उसका कोई पता नहीं चला। अगले दिन यानी 2 नवंबर को शोरूम की छत पर उसका शव बरामद हुआ।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कराया। परिजनों की मौजूदगी में पुलिस और एफएसएल टीम ने जरूरी साक्ष्य जुटाए। घटनास्थल की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी कराई गई।
CCTV फुटेज में अकेले छत की ओर जाती दिखी युवती
जांच के दौरान शोरूम में लगे CCTV कैमरों के फुटेज भी खंगाले गए। पुलिस के मुताबिक, फुटेज में दीपा अकेले छत की ओर जाती दिखाई दे रही है। फिलहाल पुलिस ने फुटेज में किसी अन्य संदिग्ध गतिविधि सामने नहीं आने की बात कही है। हालांकि, CCTV फुटेज में दिखाई देने वाली गतिविधियों और घटनाक्रम के बीच की समयावधि की जांच की जा रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हैंगिंग, शरीर पर नहीं मिली आंतरिक चोट
परिजनों की शंका को देखते हुए मृतका का पोस्टमार्टम मेडिकल कॉलेज डिमरापाल में कराया गया। रिपोर्ट में डॉक्टरों ने मौत का कारण हैंगिंग यानी फांसी बताया है। पुलिस के अनुसार, शरीर में किसी प्रकार की आंतरिक चोट नहीं मिली है, जबकि गले पर लिगेचर मार्क दर्ज किया गया है। हालांकि, मौत से जुड़े सभी पहलुओं की जांच अभी जारी है।
जेब से मिला सुसाइड नोट, लिखावट की होगी जांच
मामले में एक और महत्वपूर्ण तथ्य सामने आया है। पोस्टमार्टम के दौरान मृतका की जेब से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ था। पुलिस ने इसे जब्त कर लिया है। फिलहाल नोट में लिखी बातों और उसकी लिखावट का विधिवत परीक्षण एवं सत्यापन कराया जा रहा है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि नोट में क्या लिखा है और उसका घटना से क्या संबंध है।
पांच सदस्यीय SIT गठित, मोबाइल की होगी फॉरेंसिक जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने CSP अंशिका जैन IPS के नेतृत्व में पांच सदस्यीय विशेष जांच टीम (SIT) गठित की है। टीम में कोतवाली थाना प्रभारी लीलाधर राठौर, साइबर प्रभारी सागर पाठक, एसआई रानी सोनी, एएसआई सतीश यादव और महिला प्रधान आरक्षक उमा भगत को शामिल किया गया है।
पुलिस ने मृतका का मोबाइल फोन परिजनों से प्राप्त कर जब्त कर लिया है। अब मोबाइल की फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी। इसके साथ ही कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) का विश्लेषण किया जा रहा है। शोरूम और बिल्डिंग में काम करने वाले कर्मचारियों सहित घटना से जुड़े अन्य लोगों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।
फिलहाल दीपा की मौत के मामले में मोबाइल से कथित तौर पर गायब चैट और कॉल डिटेल, सुसाइड नोट की वास्तविकता, CCTV फुटेज और घटना से पहले की गतिविधियां जांच के प्रमुख बिंदु बने हुए हैं। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही मौत की परिस्थितियों और परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





