रायपुर। छत्तीसगढ़ की राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा सड़क हादसे में घायल हो गई हैं। दुर्घटना में उनके हाथ में फ्रैक्चर आया है। उन्हें बेहतर उपचार के लिए रायपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में भर्ती कराया गया है। हादसे में उनके ड्राइवर को भी चोटें आई हैं। उसके सीने और हाथ में चोट लगने की जानकारी सामने आई है।

बलौदाबाजार से रायपुर लौटते समय हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, लक्ष्मी वर्मा बलौदाबाजार में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद रायपुर लौट रही थीं। इसी दौरान रायपुर से खरोरा की ओर जा रही एक कार और खरोरा से रायपुर आ रहे ट्रैक्टर के बीच जोरदार टक्कर हो गई।
बताया जा रहा है कि इस घटना के कुछ देर बाद राज्यसभा सांसद की गाड़ी भी दुर्घटना का शिकार हो गई। सांसद की गाड़ी में कुल चार लोग सवार थे। हादसे में लक्ष्मी वर्मा के हाथ में फ्रैक्चर हुआ, जबकि उनके ड्राइवर को सीने और हाथ में चोटें आईं।
अन्य घायलों को खरोरा अस्पताल भेजा गया
घटना के बाद घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। लक्ष्मी वर्मा को बेहतर इलाज के लिए रायपुर AIIMS में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य घायलों को खरोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।
खरोरा पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे की सूचना मिलते ही खरोरा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। फिलहाल दुर्घटना के कारणों और सभी घायलों की स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार है।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.




