Khabri Chai Desk : कोरबा जिले के हरदीबाजार ग्राम में एसईसीएल ( SECL ) दीपका प्रोजेक्ट की हैवी ब्लास्टिंग ने लोगों की जान सांसत में डाल दी है। सोमवार को जोरदार धमाके के चलते गांव के भगवान शिव मंदिर की छत भरभरा कर गिर गई। सौभाग्य से उस समय मंदिर में कोई मौजूद नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।

ग्रामवासियों का कहना है कि खदान महज 300 मीटर की दूरी पर है और आए दिन होने वाली ब्लास्टिंग से उनके मकानों की दीवारें और छतें दरक रही हैं। शिकायतें कई बार जिला प्रशासन, तहसीलदार और एसईसीएल प्रबंधन तक पहुंचाई गईं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

सनातन संघर्ष समिति के जिला संयोजक अजय कुमार दुबे ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि एसईसीएल प्रबंधन आखिर किस बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक हैवी ब्लास्टिंग बंद नहीं कराई जाती और मंदिर का जीर्णोद्धार नहीं होता, तब तक ग्रामीण चुप नहीं बैठेंगे। यदि उनकी मांगों की अनदेखी हुई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और प्रबंधन पर होगी।
Also Read : https://khabrichai.com/secl-dipka-korba-coal-transport-pollution-safety-issue/ SECL दीपका खदान से कोयला ढुलाई पर सवाल, पर्यावरण और सुरक्षा मानकों की अनदेखी
ग्रामीणों का कहना है कि अब उनकी सहनशीलता खत्म हो चुकी है। यदि हालात नहीं सुधरे तो विरोध की आग पूरे इलाके में फैल सकती है। इस घटना ने न केवल गांववासियों की चिंता बढ़ा दी है, बल्कि प्रशासन और एसईसीएल प्रबंधन के लिए भी यह गंभीर चुनौती बन गई है।
सबसे पहले छत्तीसगढ़ के समाचार जानने के लिए जुड़े हमारे What’App Group से : https://chat.whatsapp.com/BQBiZ96FZmA30lvDjaFqta।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





