रायपुर: तंजानिया गोल्ड माइन के नाम पर करोड़ों की ठगी, खुद को खदान मालिक बताकर यश शाह ने लगाया चूना

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में अंतरराष्ट्रीय निवेश के नाम पर धोखाधड़ी का एक बड़ा मामला सामने आया है। तंजानिया (Tanzania) में सोने की खदान में निवेश और मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर रायपुर के दो कारोबारियों से करोड़ों रुपये की ठगी की गई है। पीड़ितों ने इस संबंध में सिविल लाइंस थाना और पुलिस अधीक्षक कार्यालय में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

Key Highlights:

  • अंतरराष्ट्रीय निवेश का झांसा।

  • तंजानिया के कानूनों का उल्लंघन कर बनाया शिकार।

  • सिविल लाइन पुलिस जांच में जुटी।

खुद को बताया गोल्ड माइन का मालिक
शिकायतकर्ता समर्थ बरडिया और मुकुल चोपड़ा ने बताया कि आरोपी यश शाह ने खुद को तंजानिया गणराज्य में सोने की खदान का मालिक बताया था। उसने पीड़ितों को भरोसे में लेकर निवेश का प्रस्ताव दिया। इसके लिए बाकायदा ‘एस.के.एम. बुलियन ट्रेडिंग लिमिटेड’ नाम से एक भागीदारी फर्म बनाई गई और भारत से लेकर तंजानिया तक के बैंक खातों में बड़ी रकम ट्रांसफर करवाई गई।

तंजानिया के कानून का दिया हवाला, फिर किया खेल
ठगी का खुलासा तब हुआ जब पीड़ितों को पता चला कि तंजानिया के कानूनों के मुताबिक किसी भी विदेशी नागरिक को गोल्ड माइन का मालिकाना हक या सीधी भागीदारी की अनुमति नहीं है। आरोप है कि यश शाह ने कूटरचित (फर्जी) दस्तावेज दिखाकर उन्हें गुमराह किया।

बिना जानकारी के खाते से निकाले 70 हजार डॉलर
पीड़ितों का दावा है कि निवेश के बाद न तो वहां खनन कार्य शुरू हुआ और न ही उन्हें कोई जानकारी दी गई। इसी बीच आरोपी ने फर्म के तंजानिया स्थित बैंक खाते से 70,000 अमेरिकी डॉलर (करीब 58 लाख रुपये से अधिक) बिना किसी पूर्व सूचना के निकाल लिए।

पुलिस कार्रवाई जारी
पीड़ितों ने इसे एक सुनियोजित षड्यंत्र और अमानत में खयानत बताया है। रायपुर की सिविल लाइन पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब उन बैंक खातों और ट्रांजेक्शन की डिटेल खंगाल रही है जिनके जरिए रकम तंजानिया भेजी गई थी।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel