
एकलव्य आवासीय विद्यालय स्टाफ सिलेक्शन एग्जाम 2025 के टियर-1 परीक्षा परिणाम सामने आने के बाद चयन प्रक्रिया की गुणवत्ता और पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जारी परिणामों में कई ऐसे मामले सामने आए हैं, जहां बेहद कम निगेटिव अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थी भी अगले चरण यानी टियर-2 परीक्षा के लिए योग्य घोषित कर दिए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, प्रिंसिपल जैसे अहम और उच्च जिम्मेदारी वाले पद के लिए 100 में केवल 1 अंक हासिल करने वाले उम्मीदवार भी टियर-2 में पहुंच गए हैं। इतना ही नहीं, फीमेल स्टाफ नर्स पद पर एक अभ्यर्थी को माइनस 13 से अधिक अंक मिलने के बावजूद अगले चरण के लिए चयनित किया गया है। इसी तरह अन्य पदों पर भी शून्य से नीचे स्कोर करने वाले उम्मीदवारों के क्वालिफाई होने के उदाहरण सामने आए हैं।
विशेषज्ञों के अनुसार, इसका मुख्य कारण परीक्षा में न्यूनतम क्वालिफाइंग मार्क्स निर्धारित न किया जाना है। चयन प्रक्रिया केवल तय संख्या पूरी करने तक सीमित रह गई, जिससे योग्यता का स्तर प्रभावित होता दिख रहा है। नतीजों को लेकर शिक्षा जगत और प्रशासनिक हलकों में नाराजगी देखी जा रही है।
इस भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से कुल 7267 पदों पर नियुक्ति होनी है। इनमें प्रिंसिपल, पीजीटी, टीजीटी, फीमेल स्टाफ नर्स, हॉस्टल वार्डन, अकाउंटेंट, जूनियर सेक्रेटेरियट असिस्टेंट और लैब अटेंडेंट जैसे पद शामिल हैं। प्रिंसिपल पद के लिए चयन तीन चरणों—टियर-1, टियर-2 और इंटरव्यू—के जरिए होगा, जबकि अन्य पदों पर दो चरणों की प्रक्रिया अपनाई गई है।
प्रिंसिपल के 225 पदों के लिए टियर-1 के आधार पर 2250 उम्मीदवारों को टियर-2 में बुलाया गया है। टियर-1 परीक्षा 100 अंकों की थी, जिसमें रीजनिंग, सामान्य ज्ञान, प्रशासन एवं वित्त, शैक्षणिक अपेक्षाएं और भाषा दक्षता से जुड़े प्रश्न शामिल थे। गलत उत्तर पर एक-तिहाई अंक काटे जाने की व्यवस्था के चलते कई उम्मीदवारों का स्कोर निगेटिव में चला गया।
कटऑफ की बात करें तो स्थिति और भी चौंकाने वाली रही। प्रिंसिपल पद के लिए एससी वर्ग का कटऑफ 4 अंक और एसटी वर्ग का सिर्फ 1 अंक दर्ज किया गया, जबकि फीमेल स्टाफ नर्स और अन्य पदों पर कटऑफ शून्य से नीचे रहा।
भास्कर एक्सपर्ट एवं पूर्व अपर मुख्य सचिव बी.के. सरे का कहना है कि भर्ती परीक्षाओं में न्यूनतम योग्यता अंक तय किया जाना जरूरी है, ताकि चयन प्रक्रिया की विश्वसनीयता बनी रहे और संस्थानों में गुणवत्तापूर्ण कार्य निष्पादन सुनिश्चित हो सके
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





