साउथ सिनेमा के सुपरस्टार रजनीकांत एक बार फिर अपनी दरियादिली और सादगी को लेकर चर्चा में हैं। इस बार वजह है एक महिला सफाई कर्मचारी की ईमानदारी, जिससे प्रभावित होकर रजनीकांत ने उन्हें अपने घर बुलाकर खास सम्मान दिया। इस मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं और लोग “थलाइवा” के इस मानवीय कदम की जमकर सराहना कर रहे हैं।

यह मामला चेन्नई के टी नगर इलाके का है, जहां पद्मा नाम की महिला नगर निगम में सफाई कर्मचारी के रूप में कार्यरत हैं। ड्यूटी के दौरान उन्हें एक लावारिस पाउच मिला, जिसमें करीब 45 सॉवरेन यानी लगभग 360 ग्राम सोने के आभूषण मौजूद थे। इतनी बड़ी मात्रा में सोना मिलने के बावजूद पद्मा की नीयत नहीं डगमगाई। उन्होंने तुरंत इस बारे में अपने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी और बाद में पाउच को पुलिस के हवाले कर दिया।

पुलिस द्वारा की गई जांच के बाद यह स्पष्ट हुआ कि गहने असली मालिक के ही थे, जिन्हें सुरक्षित वापस लौटा दिया गया। जब यह पूरी घटना सुपरस्टार रजनीकांत तक पहुंची, तो वे पद्मा की ईमानदारी से बेहद प्रभावित हुए। इसके बाद रजनीकांत ने पद्मा को अपने चेन्नई स्थित आवास पर आमंत्रित किया और उन्हें सम्मान स्वरूप सोने की चेन पहनाई। इस दौरान की तस्वीरें सामने आते ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं।

पद्मा की ईमानदारी को सिर्फ रजनीकांत ने ही नहीं, बल्कि तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने भी सराहा। मुख्यमंत्री ने पद्मा को व्यक्तिगत रूप से बुलाकर सम्मानित किया और इनाम के तौर पर एक लाख रुपये का चेक सौंपा। इस पहल को ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण माना जा रहा है।

गौरतलब है कि रजनीकांत इससे पहले भी कई बार आम लोगों और कलाकारों को सम्मानित कर चुके हैं। साल 2022 में फिल्म ‘कांतारा’ से प्रभावित होकर उन्होंने अभिनेता ऋषभ शेट्टी को घर बुलाकर सोने की चेन भेंट की थी। वहीं मदुरै के रहने वाले उनके एक जबरा फैन रजनी शेखर, जो जरूरतमंदों को मात्र 5 रुपये में भोजन कराते हैं, उन्हें भी रजनीकांत सम्मानित कर चुके हैं।

वर्क फ्रंट की बात करें तो रजनीकांत जल्द ही फिल्म ‘जेलर 2’ में नजर आएंगे। इसके अलावा वह ‘थलाइवा 173’ का भी हिस्सा होंगे। उनकी आने वाली फिल्मों को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह है।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel