दिव्यांगता को हराकर देवराम पटेल की ऐतिहासिक जीत, पैरा ओलंपिक में तीन गोल्ड से बालोद गौरवान्वित

 

बालोद, 05 फरवरी 2026।
छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के ग्राम पेरपार निवासी दिव्यांग खिलाड़ी देवराम पटेल ने अपनी मेहनत, आत्मविश्वास और अदम्य जज्बे से राज्य स्तर पर जिले का नाम रोशन किया है। उन्होंने 16वीं छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय पैरा ओलंपिक एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025-26 में शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन अलग-अलग स्पर्धाओं में प्रथम स्थान हासिल किया।

यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ छत्तीसगढ़ द्वारा आयोजित की गई थी, जिसमें राज्य भर से आए दिव्यांग खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बावजूद देवराम पटेल ने अपनी शारीरिक बाधाओं को पीछे छोड़ते हुए जैवलीन थ्रो (भाला फेंक), डिस्कस थ्रो (चक्का फेंक) और शॉट पुट (गोला फेंक) में शानदार प्रदर्शन कर तीनों इवेंट्स में पहला स्थान प्राप्त किया।

देवराम की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर आज संयुक्त जिला कार्यालय, बालोद में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने उन्हें सम्मानित किया। कलेक्टर ने उनकी सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि देवराम पटेल जैसे खिलाड़ी न केवल जिले बल्कि पूरे राज्य के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं देते हुए आशा जताई कि देवराम राष्ट्रीय स्तर पर भी छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करेंगे।

देवराम पटेल की यह जीत उन तमाम दिव्यांग युवाओं के लिए मिसाल है, जो संसाधनों की कमी या शारीरिक चुनौतियों के कारण अपने सपनों को सीमित मान लेते हैं। उनकी सफलता यह साबित करती है कि हौसला बुलंद हो तो कोई भी बाधा रास्ता नहीं रोक सकती।

बालोद जिले में उनकी इस उपलब्धि को लेकर खेल प्रेमियों, ग्रामीणों और प्रशासनिक अधिकारियों में उत्साह का माहौल है। जिलेवासियों ने देवराम को बधाइयाँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel