रायपुर में आज 1316 जोड़े लेंगे सात फेरे, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत होगा राज्य स्तरीय सामूहिक विवाह

रायपुर।
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत आज राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में राज्य स्तरीय सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में रायपुर जिले के कुल 1,316 जोड़े विवाह सूत्र में बंधेंगे। वहीं, पूरे छत्तीसगढ़ में इस योजना के तहत 6,412 से अधिक जोड़े अलग-अलग धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार अपने नए जीवन की शुरुआत करेंगे। रायपुर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम से अन्य जिलों के जोड़े ऑनलाइन माध्यम से जुड़ेंगे।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह करेंगे। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े सहित कई मंत्री, सांसद, विधायक और जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। बड़ी संख्या में वर-वधू के परिजन और आम नागरिक भी इस आयोजन के साक्षी बनेंगे।

मुख्य कार्यक्रम के तहत सुबह से विवाह की धार्मिक रस्में शुरू होंगी और निर्धारित समय पर सामूहिक रूप से विवाह संपन्न कराया जाएगा। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत प्रत्येक जोड़े को कुल 50 हजार रुपए की सहायता प्रदान की जाती है। इसमें से 35 हजार रुपए सीधे वर-वधू के बैंक खाते में ट्रांसफर किए जाते हैं, जबकि 15 हजार रुपए विवाह आयोजन और उपहार सामग्री पर खर्च किए जाते हैं। इसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों का सम्मानजनक विवाह सुनिश्चित करना है।

इस योजना के अंतर्गत प्रदेशभर में विभिन्न समुदायों के जोड़े विवाह बंधन में बंधेंगे। हिंदू रीति से सबसे अधिक विवाह संपन्न होंगे, वहीं मुस्लिम, ईसाई, बौद्ध और जनजातीय समुदायों के जोड़े भी अपनी-अपनी परंपराओं के अनुसार विवाह करेंगे। यह आयोजन सामाजिक समरसता और सांप्रदायिक सौहार्द का प्रतीक माना जा रहा है।

राज्य सरकार का कहना है कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना न केवल आर्थिक सहयोग प्रदान करती है, बल्कि समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच को भी बढ़ावा देती है। सामूहिक विवाह से फिजूलखर्ची पर रोक लगती है और जरूरतमंद परिवारों को राहत मिलती है। रायपुर में आयोजित यह राज्य स्तरीय कार्यक्रम छत्तीसगढ़ सरकार की सामाजिक कल्याण नीतियों की एक बड़ी झलक पेश करेगा।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel