रायपुर।
छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट की सख्त चेतावनी और यातायात नियमों के बावजूद प्रदेश में कार स्टंटबाजी थमने का नाम नहीं ले रही है। सोशल मीडिया पर छात्रों द्वारा किए गए खतरनाक स्टंट के तीन अलग-अलग वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं। इन वीडियो में छात्र चलती कारों की बोनट पर बैठे, खिड़कियों से बाहर लटके और हाईवे पर हूटर बजाते हुए जान जोखिम में डालते नजर आ रहे हैं। मामले जांजगीर-चांपा, सूरजपुर और रायपुर जिले के धरसींवा क्षेत्र से सामने आए हैं।
पहला मामला जांजगीर-चांपा जिले के एक निजी जीएलडी स्कूल से जुड़ा है। यहां फेयरवेल पार्टी के दौरान कुछ छात्र कार की बोनट पर बैठकर स्कूल परिसर में एंट्री करते दिखाई दिए। यह पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आते ही पुलिस ने वाहन चालकों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए चालान काटे हैं।

दूसरा मामला सूरजपुर जिले के विश्रामपुर स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल से जुड़ा है। यहां छात्रों का एक समूह नेशनल हाईवे पर फोर व्हीलर की खिड़कियों से बाहर लटककर स्टंट करता दिखा। बताया जा रहा है कि करीब 5 कारों में सवार छात्र हूटर बजाते हुए हाईवे से गुजरे, जिससे अन्य वाहन चालकों की जान भी खतरे में पड़ गई। वीडियो वायरल होने के बाद सरगुजा पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 5 वाहनों को जब्त कर लिया है।
तीसरा मामला रायपुर जिले के धरसींवा ब्लॉक के कुंरा स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल का है। फेयरवेल कार्यक्रम के दौरान कुछ छात्र कार की खिड़कियों से बाहर निकलकर खतरनाक स्टंट करते नजर आए। इस मामले का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है, हालांकि खबर लिखे जाने तक धरसींवा पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
लगातार सामने आ रहे इन मामलों ने स्कूल प्रबंधन, अभिभावकों और प्रशासन की भूमिका पर सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसे स्टंट न सिर्फ छात्रों की जान के लिए खतरा हैं, बल्कि सड़क पर चल रहे आम लोगों की सुरक्षा भी दांव पर लगती है।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





