
दुर्ग: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक महिला शिक्षक ने कथित तौर पर खुद को आग लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान भिलाई सेक्टर-8 निवासी रजनी देवांगन (50) के रूप में हुई है। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें उन्होंने अपनी मौत के लिए खुद को जिम्मेदार बताया है और शारीरिक परेशानी का जिक्र किया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, घटना 10 फरवरी की शाम की है। रजनी देवांगन अपने घर पर ही पहली से बारहवीं तक के बच्चों को ट्यूशन पढ़ाती थीं। रोज की तरह जब बच्चे ट्यूशन के लिए उनके घर पहुंचे, तो घर के अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। बच्चों ने कई बार आवाज लगाई, लेकिन दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद पड़ोसियों को बुलाया गया।
पड़ोसियों ने भी काफी देर तक आवाज दी, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसी दौरान घर के भीतर से धुआं निकलता दिखाई दिया, जिसके बाद तत्काल डायल-112 को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने देखा कि घर के बाथरूम में आग लगी हुई थी और अंदर एक महिला का जला हुआ शव पड़ा था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, सीएसपी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच के दौरान घर से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ, जिसमें रजनी देवांगन ने अपनी शारीरिक परेशानी से तंग आकर यह कदम उठाने की बात लिखी है। हालांकि पुलिस ने सुसाइड नोट की पूरी जानकारी सार्वजनिक नहीं की है।
भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी के अनुसार, घटनास्थल से माचिस की तीली भी बरामद हुई है। प्रारंभिक जांच में किसी साजिश या दुर्घटना के संकेत नहीं मिले हैं, लेकिन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच जारी है।
बताया जा रहा है कि रजनी देवांगन के पति निजी कंपनी में इंजीनियर हैं। उनका बेटा डॉक्टर है, जबकि बेटी रायपुर में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही है। घटना के समय घर में कोई अन्य सदस्य मौजूद नहीं था। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





