नकली दवा मामले में बड़ी कार्रवाई: एडिशनल ड्रग कंट्रोलर संजय नेताम सस्पेंड

छत्तीसगढ़ में नकली दवाओं से जुड़े एक गंभीर मामले में राज्य सरकार ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सहायक औषधि नियंत्रक (एडिशनल ड्रग कंट्रोलर) संजय कुमार नेताम को निलंबित कर दिया है। उन पर प्रकरण के आरोपियों के साथ कार्यालयीन समय में सार्वजनिक स्थान पर बैठक करने और मामले से जुड़ी फाइल दिखाने का आरोप है। इस दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी राखी सिंह ठाकुर भी मौजूद थीं, जिन्हें प्रशासन ने जशपुर स्थानांतरित कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, जिला रायपुर के उपसंचालक कार्यालय द्वारा की गई जांच में यह तथ्य सामने आया कि सारंगढ़ निवासी खेमराज बानी और उनकी पत्नी, जो नकली दवाओं के मामले में आरोपी हैं, उनके साथ मोतीबाग स्थित टेन कैफे (कॉफी हाउस) में बैठक की गई थी। यह बैठक दोपहर करीब ढाई बजे कार्यालयीन समय के दौरान हुई और आरोप है कि इस दौरान प्रकरण से संबंधित फाइल भी आरोपियों को दिखाई गई।

यह मामला दैनिक समाचार पत्रों और न्यूज चैनलों में प्रसारित होने के बाद शासन के संज्ञान में आया, जिसके बाद जांच के आदेश दिए गए। जांच में पाया गया कि संबंधित अधिकारी का यह कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम, 1965 का उल्लंघन है।

जांच रिपोर्ट के आधार पर राज्य शासन ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के नियम 9(1)(क) के तहत संजय कुमार नेताम को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश जारी किया। आदेश के अनुसार, निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय कार्यालय नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, नवा रायपुर अटल नगर निर्धारित किया गया है। उन्हें सक्षम अधिकारी की अनुमति के बिना मुख्यालय छोड़ने की अनुमति नहीं होगी।

सरकारी आदेश में यह भी उल्लेख किया गया है कि निलंबन अवधि के दौरान संजय कुमार नेताम को मूलभूत नियम-53 के तहत नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।

वहीं, इस मामले में मौजूद खाद्य सुरक्षा अधिकारी राखी सिंह ठाकुर के खिलाफ भी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए उनका स्थानांतरण जशपुर कर दिया गया है। नकली दवाओं से जुड़े इस मामले को स्वास्थ्य सुरक्षा से संबंधित गंभीर विषय माना जा रहा है और प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच जारी रहेगी।

सरकार की इस कार्रवाई को प्रशासनिक पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel