नकली पिस्टल से फायरिंग कर बनाई रील, दुर्ग पुलिस ने तीन युवकों को पकड़ा

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में नकली पिस्टल से फायरिंग कर सोशल मीडिया पर रौब जमाने की कोशिश करना तीन युवकों को महंगा पड़ गया। वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। पुलिस हिरासत में युवकों ने माफी मांगते हुए भविष्य में ऐसी हरकत दोबारा नहीं करने की बात कही।

यह मामला मोहन नगर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में तीन युवक वाहन में बैठकर नकली पिस्टल लहराते और सार्वजनिक स्थान पर फायरिंग का नाटक करते नजर आए। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर आरोपियों की पहचान की और उन्हें अभिरक्षा में लिया।

जांच में सामने आया कि आरोपी स्टेशन रोड क्षेत्र स्थित सुमित बाजार के पास बीच सड़क वाहन रोककर नकली पिस्टल से फायरिंग का दिखावा कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Instagram पर अपलोड कर दिया, जिससे लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल बनने की आशंका थी

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में जयदीप कांडा (36), गगनप्रीत सिंह (37) और पवनदीप सिंह (32) शामिल हैं। पुलिस कार्रवाई के दौरान तीनों युवकों ने कान पकड़कर माफी मांगी और भविष्य में इस तरह की गतिविधियों से दूर रहने का आश्वासन दिया। पुलिस ने उनसे उठक-बैठक भी करवाई और चेतावनी देकर छोड़ा गया।

घटना में प्रयुक्त नकली पिस्टल को पुलिस ने जब्त कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियार जैसी वस्तु का प्रदर्शन कर लोगों को डराने या कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों को गंभीरता से लिया जाएगा। इस तरह की हरकतें न केवल सार्वजनिक शांति भंग करती हैं, बल्कि समाज में गलत संदेश भी देती हैं।

पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि सोशल मीडिया पर लाइक और फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए किसी भी तरह की गैरकानूनी या खतरनाक गतिविधि से बचें। साथ ही चेतावनी दी गई है कि भविष्य में इस तरह के मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कता बढ़ा दी गई है।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel