
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के जामुल थाना क्षेत्र में साइबर अपराध से जुड़े एक बड़े नेटवर्क का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने म्यूल खातों के जरिए अवैध लेनदेन करने वाले चार अंतरराज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में बैंकिंग दस्तावेज, एटीएम कार्ड और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए गए हैं। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार 19 फरवरी को जामुल थाना को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ युवक दूसरों के बैंक खातों का दुरुपयोग कर संदिग्ध वित्तीय लेनदेन कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सीसीएम मेडिकल कॉलेज रोड, कुरूद स्थित गुप्ता पीजी मकान के पास घेराबंदी कर चारों संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 13 बैंक पासबुक, 7 चेकबुक, 18 एटीएम कार्ड, 4 मोबाइल फोन, 12 सिम कार्ड और 5,700 रुपए नकद बरामद किए गए। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी साइबर ठगों को बैंक खाते उपलब्ध कराकर अवैध कमाई कर रहे थे। पुलिस ने जब्त खातों का सत्यापन समन्वय पोर्टल के माध्यम से किया, जिसमें कई राज्यों से जुड़े साइबर धोखाधड़ी के मामले सामने आए।
जांच में पता चला कि जब्त पासबुक और चेकबुक से जुड़े खातों के माध्यम से केरल, कर्नाटक, बिहार और गुजरात में साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज हैं। इससे स्पष्ट हुआ कि यह गिरोह अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय था और विभिन्न राज्यों के साइबर अपराधियों के साथ मिलकर काम कर रहा था।
पुलिस ने इस मामले में मोहम्मद अब्दुला राईन उर्फ अमन (24) निवासी अहमद नगर कैंप-02 छावनी, हिमांशु पटेल (31) निवासी सेक्टर-01 भिलाई भट्टी, पुट्टा राकेश बाबू (27) निवासी भीमावरम, वेस्ट गोदावरी (आंध्र प्रदेश) और शुभम स्वाई (20) निवासी सुंदरगढ़ को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 317(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार ‘म्यूल अकाउंट’ ऐसे बैंक खाते होते हैं जिन्हें लालच या कमीशन के बदले साइबर अपराधियों को उपयोग के लिए दिया जाता है। ठगी से प्राप्त रकम पहले इन खातों में ट्रांसफर की जाती है और बाद में एटीएम या अन्य माध्यम से निकालकर आगे भेज दी जाती है, जिससे असली अपराधी पर्दे के पीछे रहते हैं।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति को अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड या सिम कार्ड उपयोग के लिए न दें और साइबर अपराध से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





