
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में चिकित्सक संगठन और चिकित्सा महाविद्यालय की छात्राओं ने सौजन्य भेंट की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश को हृदय रोग विशेषज्ञता की उच्च डिग्री (डीएम कार्डियोलॉजी) की दो सीटें मिलने पर मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया और इसे राज्य के स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस अवसर पर कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य दोनों ही क्षेत्र सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल हैं और इन क्षेत्रों में निरंतर सुधार के प्रयास किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के स्वास्थ्य केंद्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के साथ-साथ उच्च स्तर की चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में भी लगातार काम किया जा रहा है, ताकि लोगों को गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए दूसरे राज्यों पर निर्भर न रहना पड़े।
उन्होंने बताया कि एक समय छत्तीसगढ़ में केवल एक ही चिकित्सा महाविद्यालय हुआ करता था, जिसमें लगभग 100 से 150 सीटें थीं। लेकिन आज प्रदेश के विभिन्न जिलों में कुल 14 चिकित्सा महाविद्यालय स्थापित हो चुके हैं, जिनमें लगभग 1400 सीटें उपलब्ध हैं। इससे प्रदेश के विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में अधिक अवसर मिल रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि राज्य में फिजियोथेरेपी, नर्सिंग और अन्य स्वास्थ्य संबंधी उच्च शिक्षण संस्थान भी स्थापित किए गए हैं, जिनसे विद्यार्थियों को बेहतर प्रशिक्षण और शिक्षा प्राप्त हो रही है।

इसके साथ ही नवा रायपुर में मेडिको सिटी स्थापित करने की योजना पर भी काम किया जा रहा है। यहां बड़े विशेषज्ञता अस्पताल स्थापित किए जाएंगे, जिससे प्रदेश के लोगों को अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेंगी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ को हृदय रोग विशेषज्ञता की दो उच्च सीटें प्रदान किए जाने पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा के प्रति भी आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर तुलसी कौशिक, डॉ. देवेंद्र कश्यप सहित चिकित्सक संगठन के सदस्य और विभिन्न चिकित्सा महाविद्यालयों के छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





