
विष्णु देव साय ने आज चंदखुरी में कायस्थ समाज के लिए बनाए गए कायस्थ मंगल भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने समाज के लोगों को शुभकामनाएं देते हुए इसे एक ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण पहल बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि माता कौशल्या की पावन भूमि चंदखुरी में इस भवन का निर्माण पूरे समाज के लिए गर्व की बात है। यह भवन न केवल कायस्थ समाज, बल्कि सर्व समाज के उपयोग के लिए तैयार किया गया है, जहां सामाजिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा सकेगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कायस्थ समाज की सराहना करते हुए कहा कि यह समाज हमेशा से शिक्षित, जागरूक और प्रबुद्ध रहा है। प्रशासनिक सेवाओं से लेकर सामाजिक क्षेत्र तक, इस समाज का योगदान देश और प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण रहा है।

उन्होंने आगे कहा कि राज्य सरकार द्वारा तैयार किए जा रहे विजन डॉक्यूमेंट में सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि कायस्थ समाज इस विकास यात्रा में सक्रिय भूमिका निभाएगा।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश में कनेक्टिविटी के क्षेत्र में हो रही प्रगति का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि अंबिकापुर से दिल्ली और कोलकाता के लिए सीधी हवाई सेवा शुरू की गई है, जिससे प्रदेशवासियों को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही सीजी वायु योजना के तहत राज्य के सभी एयरपोर्ट्स के विकास की योजना बनाई गई है।

मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि कार्गो सेवा शुरू होने से किसानों को अपने उत्पाद राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी, जिससे उनकी आय में वृद्धि होगी।
इस अवसर पर नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव ने कहा कि यह भवन समाज की एक बड़ी आवश्यकता को पूरा करता है और आने वाले समय में क्षेत्र के विकास में अहम भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम में कुमार बिश्वरंजन सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





