10 घंटे में 13 तस्कर गिरफ्तार, करोड़ों का गांजा बरामद

महासमुंद पुलिस ने “ऑपरेशन निश्चय” के तहत नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तस्करी के नेटवर्क पर करारा प्रहार किया है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस पूरी कार्रवाई का खुलासा किया गया।

जानकारी के अनुसार, महज 10 घंटे के भीतर जिले के चार थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 5 अलग-अलग प्रकरणों में कुल 685.890 किलोग्राम गांजा और 700 नग नशीली टैबलेट जब्त की है। यह खेप विभिन्न राज्यों में तस्करी के लिए ले जाई जा रही थी। इस कार्रवाई में कुल 13 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें 6 आरोपी छत्तीसगढ़ के और 7 अन्य राज्यों के निवासी हैं।

जब्त किए गए गांजे की अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ 42 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे वाहनों में एक पिकअप, एक ट्रक, दो कार और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है, जिनकी कीमत लगभग 41 लाख 40 हजार रुपये आंकी गई है। कुल मिलाकर इस कार्रवाई में लगभग 4 करोड़ 61 लाख 67 हजार 506 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

थाना बसना क्षेत्र में एक पिकअप वाहन से 454 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जबकि कोमाखान क्षेत्र में एक कार से लगभग 2 क्विंटल और एक ट्रक से 25 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया। वहीं सिंघोड़ा थाना क्षेत्र में एक मोटरसाइकिल से 7 किलोग्राम गांजा और महासमुंद में रेलवे सुरक्षा बल की मदद से 700 नशीली टैबलेट बरामद की गई।

पुलिस के अनुसार, तस्कर अलग-अलग तरीकों से गांजा सप्लाई कर रहे थे, जिनमें सामान्य कार, पैकर्स एंड मूवर्स की आड़ में पिकअप, ड्रायफ्रूट से भरे ट्रक, बाइक और यहां तक कि ट्रेन का उपयोग शामिल था। हालांकि पुलिस की सतर्कता के चलते सभी तरीके विफल कर दिए गए।

इस कार्रवाई में बिलासपुर पुलिस और रायपुर पुलिस की क्राइम ब्रांच का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा। साथ ही एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) के साथ बसना, कोमाखान, महासमुंद और सिंघोड़ा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने यह सफलता हासिल की।

पिछले तीन महीनों में महासमुंद पुलिस ने 63 प्रकरणों में कुल 4054.350 किलोग्राम गांजा जब्त करते हुए 165 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 48 आरोपी छत्तीसगढ़ और 117 अन्य राज्यों के शामिल हैं।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel