
भिलाई में आयोजित संयुक्त प्रवेश परीक्षा (JEE Mains) के दौरान नकल का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। भिलाई-3 स्थित पार्थिवी इंजीनियरिंग मैनेजमेंट कॉलेज, जो परीक्षा केंद्र (आईऑन डिजिटल जोन) के रूप में निर्धारित था, वहां एक परीक्षार्थी को मोबाइल छिपाकर परीक्षा में शामिल होने की कोशिश करते हुए पकड़ा गया। आरोपी छात्र की पहचान आदित्य कुमार के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, परीक्षा गुरुवार को पहली पाली में आयोजित की जा रही थी। आदित्य कुमार सुबह करीब 8:25 बजे परीक्षा केंद्र पहुंचा। मुख्य गेट पर सुरक्षा जांच के दौरान उसने चालाकी दिखाते हुए अपनी चप्पलें पहले ही उतार दीं, जिससे मेटल डिटेक्टर में मोबाइल पकड़ा न जा सके। इसके बाद वह लैब नंबर 12ए में जाकर अपनी सीट पर बैठ गया और निर्धारित समय सुबह 9 बजे से परीक्षा देने लगा।
करीब 11:08 बजे परीक्षार्थी ने बायो-ब्रेक के लिए अनुमति मांगी और वॉशरूम गया। वह लगभग 20 मिनट बाद 11:28 बजे वापस लौटा। इस दौरान सुरक्षा गार्ड ने उसकी दोबारा जांच की, लेकिन उसने फिर से चप्पल उतारकर जांच से बचने की कोशिश की। हालांकि, इस बार उसकी हरकत गार्ड की नजर से बच नहीं सकी।
गार्ड ने देखा कि छात्र चप्पल पहनने के बाद असामान्य तरीके से पैर घसीटते हुए चल रहा था। उसकी चाल संदिग्ध लगने पर गार्ड ने उसे रोककर चप्पलों की गहन जांच की। जांच के दौरान पाया गया कि चप्पल के तलवे को बीच से काटकर उसमें मोबाइल फोन छिपाने की जगह बनाई गई थी। मोबाइल पूरी तरह अंदर फिट किया गया था, ताकि बाहर से कोई संदेह न हो।
घटना की जानकारी तुरंत कॉलेज प्रशासन, वेन्यू कमांडिंग अधिकारी अजीत वर्मा और संबंधित परीक्षा अधिकारियों को दी गई। इसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और आरोपी छात्र को हिरासत में लेकर भिलाई-3 थाना ले गई।
पुलिस ने छात्र के खिलाफ छत्तीसगढ़ सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया है। इस घटना ने परीक्षा में नकल रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था की सतर्कता को भी उजागर किया है।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





