CG Crime News: बिक्री से पहले ही दबोचे गए गांजा तस्कर, खमतराई पुलिस की बड़ी कार्रवाई

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के नॉर्थ जोन अंतर्गत खमतराई थाना पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 किलो 40 ग्राम अवैध गांजा, दो वाहन और मोबाइल फोन सहित कुल 1.80 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है। आरोपियों को उस समय पकड़ा गया जब वे गांजा की खेप लेकर बिक्री के लिए पहुंचे थे।

पुलिस के अनुसार, शहर में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना खमतराई पुलिस को 5 जून को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति सफेद रंग की एक्टिवा में गांजा लेकर रावांभाठा स्थित मेटल पार्क रोड क्षेत्र में बिक्री करने आने वाला है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में इलाके की घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोककर जांच शुरू की गई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपनी पहचान महेंद्र कुमार ध्रुव के रूप में बताई। तलाशी के दौरान एक्टिवा की डिक्की से सेलोटेप में लिपटा एक पैकेट बरामद हुआ।

पुलिस द्वारा पैकेट की जांच और तौल किए जाने पर उसमें 2 किलो 40 ग्राम गांजा मिला। जब्त किए गए गांजे की अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये बताई गई है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह गांजा सरायपाली क्षेत्र से लेकर आया था और रायपुर में इसकी सप्लाई करने की तैयारी में था।

महेंद्र कुमार ध्रुव से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने मामले में दूसरे आरोपी सुधांशु उर्फ शुभम अवधिया को भी गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी मिलकर गांजा की खेप को स्थानीय स्तर पर खपाने की योजना बना रहे थे।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना खमतराई में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) और 29 के तहत अपराध दर्ज किया है। आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस इस मामले में जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है और नेटवर्क की जांच जारी है।

जब्त सामग्री

  • 2.040 किलोग्राम गांजा – अनुमानित कीमत ₹1,00,000
  • एक्टिवा क्रमांक CG 04 NM 4477 – ₹50,000
  • बिना नंबर की हीरो होंडा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल – ₹10,000
  • दो मोबाइल फोन – ₹20,000

कुल जब्ती: ₹1,80,000

गिरफ्तार आरोपी

महेंद्र कुमार ध्रुव (44 वर्ष)
निवासी – बीरगांव, थाना खमतराई, रायपुर

सुधांशु उर्फ शुभम अवधिया (22 वर्ष)
निवासी – बीरगांव, थाना खमतराई, रायपुर

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस का कहना है कि नशे के नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की पहचान कर उनके खिलाफ भी जल्द कार्रवाई की जाएगी।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel