अवैध रेत खनन पर बड़ी कार्रवाई: ड्रोन सर्वे में मिली गड़बड़ियां, रेत भंडारणकर्ताओं को नोटिस जारी

खनिज विभाग ने अवैध रेत उत्खनन और भंडारण पर शिकंजा कसते हुए एमसीबी जिले में बड़ी कार्रवाई की है। संचालक रजत बंसल (आईएएस) के निर्देश पर केंद्रीय खनि उड़नदस्ता और जिला स्तरीय टीम ने 21 जून 2026 की रात औचक निरीक्षण अभियान चलाया।

संयुक्त टीम ने तहसील केल्हारी अंतर्गत दंडाहस्वाही स्थित केवाई नदी, पसौरी, कुटरा और हसदेव नदी क्षेत्र का निरीक्षण किया। जांच के दौरान स्वीकृत दो अस्थायी रेत भंडारण अनुज्ञप्ति स्थलों का सघन परीक्षण किया गया। रेत की वास्तविक मात्रा का आकलन आधुनिक ड्रोन सर्वे तकनीक के माध्यम से किया गया।

निरीक्षण के दौरान भंडारण अनुज्ञा शर्तों के उल्लंघन के मामले सामने आने पर संबंधित रेत भंडारणकर्ताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। विभाग ने उन्हें तीन दिनों के भीतर अपना जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

खनिज विभाग के अनुसार राज्य में अवैध रेत खनन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पहुंच विहीन और संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर ड्रोन तकनीक के जरिए लगातार निगरानी की जा रही है। इससे अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण जैसी गतिविधियों पर नजर रखना आसान हो रहा है।

विभाग का कहना है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। केंद्रीय उड़नदस्ता और जिला प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई से अवैध खनन में संलिप्त लोगों में हड़कंप की स्थिति है।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel