Tuta Village Eviction Notice: नकटी के बाद अब तूता में बुलडोजर की तैयारी, पीएम आवास के हितग्राही भी दायरे में

रायपुर/नवा रायपुर। नकटी गांव के विस्थापन को लेकर चल रहा विरोध अभी थमा भी नहीं है कि अब नवा रायपुर के तूता गांव में भी ग्रामीणों के बीच बेदखली का डर गहरा गया है। गांव के लोगों का कहना है कि बुलडोजर कार्रवाई की आशंका के चलते वे रातभर जागकर पहरा दे रहे हैं। कई परिवारों ने चूल्हा तक नहीं जलाया है और महिलाओं व बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार, नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण (NRDA) ने तूता गांव के काबिज रहवासियों को नोटिस जारी कर 6 जुलाई तक अपना जवाब प्रस्तुत करने को कहा है। बताया जा रहा है कि नोटिस पाने वालों में बड़ी संख्या ऐसे परिवारों की है जो प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान प्राप्त कर यहां रह रहे हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि जिस जमीन पर वे वर्षों से निवास कर रहे हैं, वह प्रस्तावित फिल्म सिटी परियोजना के दायरे में आ रही है। इसी कारण उन्हें नोटिस जारी किए गए हैं। नोटिस मिलने के बाद गांव में दहशत का माहौल है और लोगों को आशंका है कि जवाब देने की समय-सीमा समाप्त होते ही प्रशासन कार्रवाई कर सकता है।

गौरतलब है कि बीते छह महीनों में तूता गांव के आसपास पेड़ों की कटाई को लेकर दो बार बड़ा विरोध प्रदर्शन हो चुका है। पहली बार होली से पहले और दूसरी बार मई महीने में ग्रामीणों ने परियोजना का विरोध करते हुए पेड़ों की कटाई रुकवाई थी। उस दौरान कांग्रेस ने भी ग्रामीणों के आंदोलन का समर्थन किया था।

अब एक बार फिर नोटिस जारी होने के बाद गांव में तनाव का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि वे अपने घर और जमीन बचाने के लिए संघर्ष करेंगे। वहीं, प्रशासन की ओर से फिलहाल नोटिस के जवाब मिलने के बाद आगे की कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel
space for Adv.

यह भी देखें...