रायगढ़, 07 जुलाई 2026।
जल संरक्षण और ग्रामीण विकास को बढ़ावा देने की दिशा में अदाणी पावर लिमिटेड, रायगढ़ की सीएसआर इकाई अदाणी फाउंडेशन द्वारा संयंत्र के परिधीय पांच गांवों में तालाबों के गहरीकरण का कार्य किया जा रहा है। यह परियोजना वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत संचालित की जा रही है, जिसका उद्देश्य वर्षा जल का संरक्षण, भू-जल स्तर में सुधार और किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराना है।
परियोजना के अंतर्गत बरपाली, छोटे भंडार, तिलगी, रुचिदा और सरवानी गांवों के पांच तालाबों का गहरीकरण किया जा रहा है। कार्य पूर्ण होने पर लगभग 53,025 घन मीटर अतिरिक्त जल भंडारण क्षमता विकसित होगी, जिससे वर्षा जल संचयन और भू-जल पुनर्भरण को बढ़ावा मिलेगा।

इस परियोजना से आसपास के किसानों को भी लाभ मिलेगा। अनुमान के अनुसार रुचिदा में 50 एकड़, बरपाली में 15 एकड़, सरवानी में 20 एकड़ और तिलगी में 25 एकड़ सहित कुल 105 एकड़ कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी। इससे फसल उत्पादन बढ़ने के साथ किसानों की वर्षा आधारित खेती पर निर्भरता भी कम होगी।

तालाबों के गहरीकरण से जल संरक्षण के अलावा पशुपालन, मत्स्य पालन और ग्रामीण आजीविका के अन्य साधनों को भी प्रोत्साहन मिलेगा। साथ ही प्रत्येक तालाब में एक-एक पचरी का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों को दैनिक उपयोग के लिए बेहतर सुविधा मिल सके।
अदाणी फाउंडेशन का कहना है कि स्थानीय समुदाय के सहयोग से संचालित यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरक्षण और सतत विकास को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। संस्था भविष्य में भी ऐसे विकास कार्यों के माध्यम से गांवों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रयासरत रहेगी।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.




