महिला की निजी जानकारी और फोटो इंस्टाग्राम पर वायरल करने वाला युवक गिरफ्तार

भिलाई नगर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई, तकनीकी जांच के बाद आरोपी तक पहुंची पुलिस; सोशल मीडिया पर निजता भंग करने वालों को दी सख्त चेतावनी

भिलाई, महिला की निजी जानकारी और फोटो इंस्टाग्राम पर वायरल कर उसकी निजता का उल्लंघन करने के मामले में भिलाई नगर पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने साइबर सेल की मदद से इंस्टाग्राम आईडी का तकनीकी विश्लेषण कर आरोपी की पहचान की और उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर किसी की निजी जानकारी सार्वजनिक करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस के अनुसार, 4 जून 2026 को एक महिला ने थाना भिलाई नगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने इंस्टाग्राम पर उसका नाम, मोबाइल नंबर और फोटो सार्वजनिक कर दिए हैं, जिससे उसकी निजता प्रभावित हो रही है। शिकायत के आधार पर थाना भिलाई नगर में अपराध क्रमांक 294/2026 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई।

विवेचना के दौरान साइबर सेल की सहायता से संबंधित इंस्टाग्राम आईडी का तकनीकी परीक्षण किया गया। जांच में आईडी संचालित करने वाले की पहचान प्रांजल यादव उर्फ जर्नलिस्ट प्रांजल (24 वर्ष) निवासी जहाज बिल्डिंग के पीछे, राम नगर, सुपेला के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक आरोपी पीजीडीसीए का छात्र है तथा एक यूट्यूब चैनल का संचालन भी करता है। मामले में इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जब्त किए गए हैं और आगे की वैधानिक विवेचना जारी है।

पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर महिला की व्यक्तिगत जानकारी और फोटो सार्वजनिक करने का है, जो कानूनन दंडनीय अपराध है।

इस कार्रवाई में थाना भिलाई नगर पुलिस और साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि किसी भी व्यक्ति की निजी जानकारी, फोटो या अन्य सामग्री उसकी अनुमति के बिना सोशल मीडिया पर साझा करना कानूनन अपराध है। ऐसी किसी भी घटना की जानकारी तत्काल निकटतम पुलिस थाना या साइबर हेल्पलाइन को दें।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel