भिलाई: छत्तीसगढ़ के भिलाई में एक बेहद सनसनीखेज और दुखद मामला सामने आया है। सुपेला थाना क्षेत्र स्थित एक होटल के कमरे में 19 वर्षीय युवक शादाब का शव मिलने से हड़कंप मच गया है। मृतक, जो पेशे से एक म्यूजिक आर्टिस्ट और पियानो वादक था, अपनी गर्लफ्रेंड के साथ होटल पहुंचा था, जहां संदिग्ध परिस्थितियों में उसकी मौत हो गई।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, जवाहर नगर, अटल आवास का रहने वाला 19 वर्षीय शादाब मंगलवार शाम अपनी गर्लफ्रेंड के साथ कुणाल होटल पहुंचा था। देर रात शादाब के दोस्तों को जानकारी मिली कि वह बेहोश हो गया है। जब दोस्त और परिजन होटल पहुंचे और दरवाजा खोला गया, तो शादाब का शव बेड पर पड़ा मिला। छत के पंखे से एक स्कार्फ का फंदा लटका हुआ था, जिससे घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश लग रही थी।

शादाब के भाई अल्ताफ शेख ने इस मौत को आत्महत्या मानने से पूरी तरह इनकार किया है। परिजनों का आरोप है कि शादाब के शरीर पर चोट के कई निशान हैं। भाई का दावा है कि लड़की ने शादाब को बेल्ट से पीटा और खुद के हाथ व गर्दन को ब्लेड से काटकर उसे धमकाने का प्रयास किया।
होटल के सीसीटीवी फुटेज में देखा गया कि सुबह करीब 6 बजे युवती अकेले कमरे से बाहर निकली और फिर वापस अंदर गई। परिजनों का कहना है कि यह व्यवहार बेहद संदेहास्पद है। परिवार का साफ कहना है कि शादाब ने आत्महत्या नहीं की है, बल्कि उसकी हत्या की गई है। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
दोस्तों के अनुसार, शादाब का अपनी पुरानी गर्लफ्रेंड से ब्रेकअप हो चुका था और उसने उसे हर जगह ब्लॉक कर रखा था। बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन ही शादाब की एक्स-गर्लफ्रेंड का फोन आया था, जिसे लेकर उसकी वर्तमान गर्लफ्रेंड नाराज हो गई थी और दोनों के बीच जमकर विवाद हुआ था।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सुपेला की मर्चुरी भेज दिया है। सुपेला थाना प्रभारी अंबर सिंह के अनुसार “मामले की हर पहलू से बारीकी से जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में यह मामला आत्महत्या जैसा प्रतीत हो रहा है, लेकिन परिजनों के आरोपों को देखते हुए हम किसी भी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचे हैं। पूरी सच्चाई पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और युवती से होने वाली पूछताछ के बाद ही सामने आएगी।” फिलहाल, भिलाई में इस घटना को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है और हर कोई पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





