रायगढ़, 10 जुलाई 2026।
ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा की गुणवत्ता और विद्यालयों की आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में अदाणी पावर लिमिटेड, रायगढ़ की सीएसआर इकाई अदाणी फाउंडेशन ने अपनी ‘उत्थान परियोजना’ का विस्तार किया है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 की शुरुआत के साथ जून माह में परियोजना से जुड़े 34 विद्यालयों में शाला प्रवेशोत्सव और पालक-शिक्षक बैठकों का आयोजन किया गया। वर्तमान में इस परियोजना के माध्यम से 22 प्राथमिक, 8 पूर्व माध्यमिक और 4 हाई स्कूलों के 1,800 से अधिक विद्यार्थियों को लाभ मिल रहा है।
अदाणी फाउंडेशन द्वारा लंबे समय से ग्रामीण स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर अधोसंरचना उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न पहलें की जा रही हैं। इसके तहत पहले ही विद्यालयों में स्मार्ट टीवी, डेस्क-बेंच, स्कूल बैग, स्टेशनरी सामग्री और पुस्तकालय संसाधन उपलब्ध कराए जा चुके हैं। इन सुविधाओं से विद्यार्थियों के सीखने के माहौल में सकारात्मक बदलाव देखने को मिला है।
नए शैक्षणिक सत्र में परियोजना के तहत 750 नए डेस्क-बेंचों के वितरण और स्थापना का कार्य शुरू कर दिया गया है। बड़े भंडार हायर सेकेंडरी एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालय, बुंगा, सुपा, चंदली, गोर्रा, टपरदा, कलमा, पुसलदा और महादेवपाली सहित विभिन्न विद्यालयों में यह सुविधा चरणबद्ध तरीके से उपलब्ध कराई जाएगी। वर्तमान में बड़े भंडार हायर सेकेंडरी स्कूल में स्थापना कार्य जारी है। इस पहल से 1,500 से अधिक विद्यार्थियों को बेहतर और सुविधाजनक शिक्षण वातावरण मिलेगा।

परियोजना के तहत बड़े भंडार, सुपा, बुंगा और चंदली के हाई स्कूलों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग संरचनाओं का निर्माण भी किया जाएगा। इससे जल संरक्षण को बढ़ावा मिलने के साथ विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता भी विकसित होगी।
अदाणी फाउंडेशन ने आगामी चरण में सभी परियोजना से जुड़े विद्यालयों के विद्यार्थियों को स्कूल बैग, स्टेशनरी किट और अन्य आवश्यक शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराने की योजना बनाई है। वहीं पूर्व माध्यमिक और हाई स्कूलों में अध्ययनरत किशोरी बालिकाओं के लिए विशेष जागरूकता सत्र आयोजित किए जाएंगे तथा स्वास्थ्य एवं स्वच्छता किट का वितरण भी किया जाएगा, ताकि उनके स्वास्थ्य, आत्मविश्वास और समग्र विकास को प्रोत्साहन मिल सके।
अदाणी फाउंडेशन के प्रवक्ता ने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल विद्यालयों में संसाधन उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्र के प्रत्येक विद्यार्थी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सम्मानजनक शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि उत्थान परियोजना के माध्यम से शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और ग्रामीण क्षेत्रों में समावेशी शैक्षणिक वातावरण तैयार करने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





