Ram Mandir Chanda Chori : नई दिल्ली। अयोध्या राम मंदिर चंदा चोरी मामले को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है। कांग्रेस नेता ने इस मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की है। कांग्रेस नेता ने पत्र में लिखा कि जिन लाखों भक्तों ने आस्था के साथ अपनी मेहनत की कमाई दान की थी, वे इस चोरी से धोखा महसूस कर रहे हैं।
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में निष्पक्ष जांच की मांग
लोकसभा और राज्यसभा में विपक्ष के नेताओं ने कहा कि इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री की चुप्पी स्वीकार्य नहीं है और उनसे जवाबदेही तय करने और नुकसान की भरपाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री को लिखा पत्र सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा करते हुए लिखा, ‘प्रधानमंत्री जी, करोड़ों भक्तों ने श्री राम मंदिर में आस्था के साथ अपनी मेहनत की कमाई दान की है – वहां दान की चोरी अब किसी से छिपी नहीं है। ट्रस्ट के हर सदस्य को आपकी सरकार ने चुना था। दान की इस चोरी पर आपकी चुप्पी स्वीकार्य नहीं है।’

कांग्रेस नेता ने आगे लिखा, ‘तुरंत निष्पक्ष जांच कराएं, पूरा हिसाब-किताब सार्वजनिक करें और दोषियों को कानून के कटघरे में लाएं। आपकी सरकार की विश्वसनीयता अब आपके कामों पर निर्भर करती है।’
मल्लिकार्जुन खरगे ने भी आज रविवार को एक्स पर लिखा, ‘श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के वित्तीय मामलों की निष्पक्ष और व्यापक जांच की मांग करते हुए PM मोदी को हमारा संयुक्त पत्र।’
खरगे ने 18 जुलाई को पीएम मोदी को भेजा पत्र सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए लिखा, ‘जिन लाखों भक्तों ने आस्था, भक्ति और भरोसे के साथ अपनी मेहनत की कमाई दान की थी, वे इस चोरी से धोखा महसूस कर रहे हैं।’
अब तक मामले में क्या-क्या हुआ?
राम मंदिर में दिए गए दान की चोरी का मामला जून के पहले सप्ताह में सामने आया था और अब तक इस मामले में आठ लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इस मामले में पुलिस ने 25 जून को ट्रस्ट की शिकायत पर FIR दर्ज की थी। अब तक राम मंदिर ट्रस्ट के दो वरिष्ठ पदाधिकारियों ने भी इस्तीफा दे दिया है।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





