दुर्ग। ग्राम छांटा स्थित चूना पत्थर खदान, भूमि और मशीनरी के करोड़ों रुपये के सौदे में कथित धोखाधड़ी के मामले में उतई पुलिस ने भिलाई नगर निगम की महिला पार्षद रीता सिंह, उनके पति रमेशचंद सिंह राजपूत और पुत्र मानवचंद सिंह के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। यह कार्रवाई न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी (जेएमएफसी) के आदेश पर की गई है

कोर्ट के निर्देश पर दर्ज हुआ मामला
जानकारी के अनुसार, न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी शीतल निकुंज ने परिवादी द्वारा प्रस्तुत दस्तावेजों और जांच प्रतिवेदन का परीक्षण करने के बाद प्रथम दृष्टया संज्ञेय अपराध मानते हुए उतई पुलिस को मामला दर्ज करने के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपितों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
4.39 करोड़ रुपये के सौदे में धोखाधड़ी का आरोप
परिवादी बीबी सिंह ने न्यायालय में दायर आवेदन में बताया कि 29 जनवरी 2024 को रीता सिंह और रमेशचंद सिंह ने ग्राम छांटा, तहसील पाटन स्थित विभिन्न खसरा नंबरों की भूमि, टाटा हिटाची एक्सकेवेटर और दो भारतबेंज टिपर वाहनों के विक्रय के लिए इकरारनामा किया था। शिकायत के अनुसार, इस सौदे के एवज में आरोपितों ने करीब 4.39 करोड़ रुपये प्राप्त कर लिए।
स्वामित्व और बैंक दावों की जानकारी छिपाने का आरोप
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि विक्रय के दौरान कई महत्वपूर्ण तथ्यों को जानबूझकर छिपाया गया। जिन जमीनों और संपत्तियों को अपने स्वामित्व की बताकर बेचा गया, उनमें से कई अन्य व्यक्तियों के नाम पर दर्ज थीं या उन पर बैंक सहित अन्य प्रकार के दावे थे। इसके अलावा कुछ भूदान और शासकीय पट्टे की भूमि को भी विक्रय योग्य बताकर सौदे में शामिल करने का आरोप लगाया गया है।
फर्जी हस्ताक्षर कर दूसरा अनुबंध बनाने की शिकायत
परिवादी ने यह भी आरोप लगाया कि पूरी संपत्ति का वैधानिक हस्तांतरण नहीं कराया गया। बाद में कथित रूप से फर्जी हस्ताक्षर कर दूसरा अनुबंध तैयार किया गया और सौदे से जुड़ी कुछ राशि अन्य व्यक्तियों के खातों में स्थानांतरित कर दी गई।
पुलिस कार्रवाई नहीं होने पर कोर्ट पहुंचे परिवादी
शिकायत के अनुसार, फरवरी 2026 में उतई पुलिस से मामले की शिकायत की गई थी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर परिवादी ने न्यायालय की शरण ली। न्यायालय ने उपलब्ध दस्तावेजों और जांच रिपोर्ट के आधार पर प्रथम दृष्टया मामला दर्ज करने योग्य पाए जाने पर पुलिस को एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया।
जांच जारी
उतई पुलिस ने न्यायालय के निर्देश के पालन में मामला दर्ज कर लिया है। अब पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है और दस्तावेजों, वित्तीय लेनदेन तथा संपत्ति से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जा रही है। मामले में जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





