रायपुर। बंगाल की खाड़ी में बने अवदाब के असर से छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय है। प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है, जिसके चलते नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने लगा है। सोमवार को कोरबा में सबसे ज्यादा 17 सेमी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने 18 अगस्त को प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। वहीं रायपुर समेत कई जिलों के लिए बारिश और गरज-चमक का अलर्ट जारी किया गया है।
![]()
रायपुर में छाए बादल, हल्की फुहार जारी
राजधानी रायपुर में मंगलवार सुबह से ही आसमान में काले बादल छाए हुए हैं और कई इलाकों में हल्की फुहार पड़ रही है। मौसम विभाग के मुताबिक रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में आज भी बारिश होने की संभावना है।
राजधानी में अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। बारिश के चलते अधिकतम तापमान में करीब 4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है।
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने मंगलवार सुबह 7 बजे से अगले तीन घंटों के लिए कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बारिश, आकाशीय बिजली और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर शामिल हैं।
कई जिलों में यलो अलर्ट
इसके अलावा प्रदेश के कई अन्य जिलों में बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। इनमें सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, बालोद, राजनांदगांव, रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली समेत कई जिले शामिल हैं।
बंगाल की खाड़ी का सिस्टम बढ़ा आगे
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे पश्चिम बंगाल-उत्तर ओडिशा तट के ऊपर बना अवदाब धीरे-धीरे उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके अगले 24 घंटों में पहले उत्तर-उत्तर-पश्चिम और फिर उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ने की संभावना है।
यह सिस्टम गंगा के मैदानी इलाकों वाले पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार की ओर बढ़ेगा। इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ में अगले कुछ समय तक बारिश की गतिविधियां बनी रहने की संभावना है।
कोरबा में 17 सेमी बारिश, कई इलाकों में जमकर बरसा पानी
पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। कोरबा में 17 सेमी बारिश हुई, जो सबसे अधिक रही। इसके अलावा कोटाडोल और बिहारपुर में 10-10 सेमी, अजगरबहार में 9 सेमी और डौंडीलोहारा में 7 सेमी बारिश दर्ज की गई।
ओडगी, रायपुर शहर, रायपुर, छाल और कापू में 6-6 सेमी बारिश हुई। वहीं लाल बहादुर नगर, अंबागढ़ चौकी, लखनपुर, छुरा और दर्री में 5-5 सेमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।
कुमरदा, बागबहार, जनकपुर-भरतपुर और उदयपुर में 4-4 सेमी, जबकि लवन, लैलूंगा, रघुनाथनगर, धमतरी, छुरिया, मैनपाट, डौंडी, माना-रायपुर, लटोरी, घरघोड़ा, करतला, केल्हारी और तमनार समेत कई स्थानों पर 3 सेमी बारिश दर्ज की गई।
नदी-नालों का बढ़ रहा जलस्तर
लगातार बारिश के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में नदी-नालों का जलस्तर बढ़ रहा है। उत्तरी छत्तीसगढ़ में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए प्रशासन और स्थानीय लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। मौसम विभाग ने विशेष रूप से गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





