बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में सोशल मीडिया पर शुरू हुआ विवाद शुक्रवार रात हिंसक झड़प में बदल गया। दो लोगों के बीच सोशल मीडिया पर की गई तल्ख टिप्पणियों के बाद मामला बढ़ता गया और देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए कोतवाली थाना क्षेत्र में BNSS की धारा 163 लागू कर दी है।

धारा 163 लागू होने के बाद संबंधित क्षेत्र में जुलूस, धरना-प्रदर्शन और हथियार लेकर निकलने पर प्रतिबंध रहेगा। हालांकि प्रशासन ने बाजारों को इस प्रतिबंध से बाहर रखा है, इसलिए आम लोग सामान्य रूप से बाजार जाकर खरीदारी कर सकेंगे।
दोनों पक्षों के 25 लोगों पर FIR
विवाद के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों के कुल 25 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। फिलहाल पुलिस की ओर से आरोपियों के नाम सार्वजनिक नहीं किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल लोगों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच की जा रही है।
घटना की सूचना मिलने के बाद शुक्रवार देर रात कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने पुलिस बल के साथ घटनास्थल और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों का जायजा लिया। इसके बाद सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए गए।
इलाके में बढ़ाई गई पुलिस की निगरानी
घटना के बाद पुलिस ने संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली पोस्ट और संदेशों पर भी नजर रख रही है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाह या भ्रामक जानकारी पर भरोसा न करें। सोशल मीडिया पर मिलने वाली किसी संदिग्ध सूचना की पुष्टि पुलिस या प्रशासन से करने के बाद ही उस पर विश्वास करें।
दोनों पक्षों के खिलाफ अलग-अलग मामले दर्ज
पुलिस ने विवाद से जुड़े दोनों पक्षों के खिलाफ अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं। एक मामले में BNS की धारा 109(2), 115(2), 190, 191(3), 192, 296, 324(4) और 351(3) के तहत कार्रवाई की गई है।
वहीं, दूसरे मामले में धारा 109(2), 115(2), 190, 191(3), 192, 296 और 351(3) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
आरोपियों की तलाश में पुलिस की दबिश
एसएसपी रजनेश सिंह के मुताबिक, दोनों पक्षों से जुड़े लोगों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि सोशल मीडिया पर शुरू हुआ विवाद किस तरह हिंसक झड़प तक पहुंचा।
प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की भड़काऊ गतिविधि से दूर रहने की अपील की है। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की प्राथमिकता इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखना और विवाद को आगे बढ़ने से रोकना है।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.




