Raipur News: अपराध रोकने ग्रामीणों की पहल, पुलिस को स्वेच्छा से सौंपे 15 चाकू-तलवार

रायपुर। अपराध पर अंकुश लगाने और ग्रामीण इलाकों में सुरक्षा का माहौल मजबूत करने के लिए पुलिस की ओर से चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प’ अभियान के तहत धरसीवां क्षेत्र में ग्रामीणों ने पहल करते हुए अपने पास रखे 15 हथियार पुलिस को सौंपे। इनमें चाकू, तलवार और छुरी शामिल हैं। पुलिस लगातार लोगों को अनावश्यक रूप से हथियार रखने से होने वाले संभावित खतरों के प्रति जागरूक कर रही है।

गांवों में पुलिस चला रही जागरूकता अभियान

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, ‘सेवा संकल्प’ अभियान के दौरान गांवों में सरपंच, जनप्रतिनिधियों, युवाओं और ग्रामीणों के साथ संवाद किया जा रहा है। लोगों को समझाया जा रहा है कि मामूली विवाद, कहासुनी या गुस्से की स्थिति में आसपास मौजूद हथियार गंभीर घटना का कारण बन सकते हैं।

पुलिस की अपील के बाद ग्रामीणों ने आगे आकर अपने पास मौजूद ऐसे हथियार पुलिस के सुपुर्द किए। अधिकारियों ने बच्चों और युवाओं को हथियारों से दूर रखने की सलाह दी है। साथ ही अभिभावकों से भी बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखने की अपील की जा रही है।

नार्थ जोन में 12 लोगों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

इधर, रायपुर नार्थ जोन पुलिस ने रविवार को चार थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए 12 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक, आपराधिक गतिविधियों पर नजर रखने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से कार्रवाई की गई।

उरला थाना क्षेत्र में छह लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई। वहीं पंडरी और खम्हारडीह थाना क्षेत्र में एक-एक व्यक्ति पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई हुई। गुढियारी थाना क्षेत्र में तीन अलग-अलग मामलों में चार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

निगरानी बदमाशों को थाने बुलाकर पूछताछ

खम्हारडीह पुलिस ने आठ गुंडा और निगरानी बदमाशों को थाने बुलाकर उनकी गतिविधियों के संबंध में पूछताछ की। पुलिस ने उन्हें आपराधिक गतिविधियों से दूर रहने और कानून का पालन करने की सख्त हिदायत दी।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अपराध की रोकथाम के लिए जागरूकता अभियान के साथ-साथ संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। पुलिस का कहना है कि ग्रामीणों की स्वैच्छिक भागीदारी से अपराध रोकथाम के प्रयासों को स्थानीय स्तर पर सहयोग मिल रहा है।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel