Khabri Chai Desk : कोंडागांव जिले के नारंगी नदी में अवैध रेत उत्खनन का मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार नदी के विभिन्न हिस्सों में लगातार बड़े पैमाने पर रेत निकाली जा रही है, जिससे नदी की संरचना पर गंभीर असर पड़ने लगा है। कई स्थानों पर तट कटाव का खतरा बढ़ गया है, जबकि किसानों का कहना है कि कटाव के कारण खेतों के किनारे कमजोर हो रहे हैं और सिंचाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
केवल नारंगी ही नहीं, बल्कि भवरडिग नदी के आसपास भी अवैध उत्खनन जारी है। ग्रामीणों के मुताबिक माकड़ी पुल, जुगानी पुल, चिचाड़ी पुल, पासंगी पुल और बरकई पुल के आसपास कई दिनों से मशीनों और ट्रैक्टरों के जरिए रेत निकाली जा रही है। पुलों के करीब उत्खनन होने से उनकी नींव कमजोर होने का खतरा बढ़ गया है।
Also Read : “मेरा नाम मत घसीटो”- शादी विवाद पर नंदिका का सीधा जवाब https://khabrichai.com/mandhana-muchhal-shadi-nandika-response/
स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया है कि जिला मुख्यालय से महज दो किलोमीटर की दूरी पर रेत की खुलेआम लूट हो रही है, लेकिन अब तक प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि कई ट्रैक्टर बिना रोकटोक नदी से रेत भरकर ले जाते हैं। मीडिया के मौके पर पहुँचते ही वाहन चालक मशीनें छोड़कर भाग निकले, जिससे अवैध उत्खनन की आशंका और भी स्पष्ट हो गई।
ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल जांच और जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि अवैध उत्खनन नहीं रोका गया तो नदी, खेती और पुल जैसी महत्वपूर्ण संरचनाओं को गंभीर नुकसान हो सकता है।
‘सबसे पहले छत्तीसगढ़ के समाचार जानने के लिए जुड़े हमारे What’sApp Group से : https://chat.whatsapp.com/BQBiZ96FZmA30lvDjaFqta
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.






