Khabri Chai Desk : नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट (एनएमआईए) के संचालन की शुरुआत से एक दिन पहले मंगलवार की शाम आसमान में भव्य ड्रोन शो का आयोजन किया गया। इस खास मौके पर 1,515 ड्रोन ने एक साथ उड़ान भरते हुए आकर्षक और यादगार आकृतियां बनाईं, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। ड्रोन शो के माध्यम से 3डी कमल, एयरपोर्ट का लोगो, ‘ग्रीन एयरपोर्ट’, मुंबई के ऊपर उड़ता विमान और ‘राइज ऑफ इंडिया’ जैसी प्रभावशाली आकृतियां उकेरी गईं। पूरे कार्यक्रम की थीम एयरपोर्ट की भव्यता, आधुनिकता और सतत विकास को दर्शाने पर केंद्रित रही।
इस आयोजन में तकनीक और कला का अद्भुत संगम देखने को मिला। रात के आसमान को एक विशाल कैनवास में बदलते हुए ड्रोन ने एयरपोर्ट की पहचान और भविष्य की उड़ान का प्रतीकात्मक प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान विशेष रूप से दिव्यांगजन, युवा खिलाड़ी और नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के कर्मचारी मौजूद रहे, जिन्होंने इस ऐतिहासिक पल को प्रत्यक्ष देखा।

Also Read : नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से कमर्शियल उड़ानों की शुरुआत, गौतम अदाणी ने किया यात्रियों का स्वागत https://khabrichai.com/navi-mumbai-international-airport-commercial-flights-start/
नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड (एनएमआईएएल) द्वारा विकसित यह ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट महाराष्ट्र और देश के एविएशन सेक्टर के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। यह परियोजना सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल के तहत विकसित की गई है, जिसमें अदाणी एयरपोर्ट्स होल्डिंग्स लिमिटेड की बहुलांश हिस्सेदारी है, जबकि सिडको की भी महत्वपूर्ण भागीदारी है।
करीब 1,160 हेक्टेयर में फैला यह एयरपोर्ट भविष्य में सालाना 9 करोड़ यात्रियों को संभालने की क्षमता रखेगा। शुरुआती चरण में यह 2 करोड़ यात्रियों और 5 लाख मीट्रिक टन कार्गो को संभाल सकेगा। आधुनिक टर्मिनल, दो समानांतर रनवे और पर्यावरण के अनुकूल संरचना के साथ एनएमआईए को भारत के प्रमुख एविएशन हब के रूप में देखा जा रहा है, जो मुंबई महानगर क्षेत्र और पश्चिमी भारत के लिए एक नया प्रवेश द्वार बनेगा।
सबसे पहले छत्तीसगढ़ के समाचार जानने के लिए जुड़े हमारे What’sApp Group से : https://chat.whatsapp.com/BQBiZ96FZmA30lvDjaFqta
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.






