Khabri Chai Desk : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 20 नवंबर को छत्तीसगढ़ दौरे पर होंगी, जहाँ वे प्रदेश में दो प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं का शुभारंभ करेंगी। राज्य सरकार इस दौरे को बेहद महत्वपूर्ण मान रही है क्योंकि दोनों योजनाएँ सीधे ग्रामीण, आदिवासी समुदाय और पारंपरिक ज्ञान के संरक्षण से जुड़ी हैं।
राष्ट्रपति मुर्मू सबसे पहले मुख्यमंत्री वैद्यराज सम्मान निधि योजना की शुरुआत करेंगी। इस योजना में परंपरागत उपचार पद्धति से लोगों का इलाज करने वाले स्थानीय वैद्यों को प्रतिवर्ष 5,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। राज्य सरकार ने पात्र वैद्यों के चयन के लिए तीन-स्तरीय चयन प्रक्रिया तैयार की है। योजना का मुख्य उद्देश्य पारंपरिक चिकित्सा पद्धति को बढ़ावा देना, ग्रामीण क्षेत्रों में स्थानीय स्वास्थ्य सेवा को मजबूत करना और जनजातीय ज्ञान प्रणाली को सुरक्षित करना है।
Also Read : 250 राशन दुकानें रद्द, संचालन अब पंचायतों के हवाले https://khabrichai.com/raipur-ration-shop-action/
इसके साथ ही राष्ट्रपति जनजातीय ग्राम अखरा विकास योजना का भी शुभारंभ करेंगी। इस योजना के अंतर्गत राज्य के पारंपरिक देवस्थलों और आस्था स्थलों का विकास एवं पुनरोद्धार किया जाएगा। प्रत्येक स्थल के विकास पर 5 लाख से 20 लाख रुपये तक व्यय किए जाएंगे। योजना का लक्ष्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण, ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा, स्थानीय अर्थव्यवस्था का विकास और रोजगार सृजन को प्रोत्साहित करना है।
इन दोनों योजनाओं से राज्य में स्वास्थ्य, संस्कृति, आस्था और आर्थिक दिशा में दीर्घकालिक लाभ मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
सबसे पहले छत्तीसगढ़ के समाचार जानने के लिए जुड़े हमारे What’sApp Group से : https://chat.whatsapp.com/BQBiZ96FZmA30lvDjaFqta
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.






