PWD नौकरी का झांसा देकर नाबालिग से गैंगरेप, सरकारी गाड़ियों का इस्तेमाल

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में PWD विभाग में नौकरी दिलाने के नाम पर नाबालिग से गैंगरेप मामले में जांच के दौरान लगातार चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने के लिए सरकारी कार्य में लगी गाड़ियों का इस्तेमाल किया था। पुलिस ने मामले में उपयोग की गई दोनों गाड़ियों को जब्त कर लिया है, जिनमें से एक वाहन पर “ऑन ड्यूटी CG गवर्नमेंट” लिखा हुआ था।

पुलिस ने आरोपी भीमनारायण पांडे (बीएन पांडेय) और संजय पंडित को कोर्ट से अनुमति मिलने के बाद दो दिन की पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान पुलिस टीम आरोपियों को विभिन्न घटनास्थलों पर लेकर गई, जिनमें दुर्ग रेस्ट हाउस, PWD रेस्ट हाउस और उतई रेस्ट हाउस शामिल हैं। इस दौरान गवाहों की मौजूदगी में घटनास्थलों का निरीक्षण किया गया और पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी कराई गई।

जांच के दौरान पुलिस ने घटना में इस्तेमाल कार (CG-07-AU-352) और एक अन्य इंडिगो कार (CG-07-AT-7047) जब्त की है। इसके अलावा आरोपियों से घटना में उपयोग किए गए मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। दो दिन की रिमांड पूरी होने के बाद दोनों आरोपियों को 15 फरवरी को न्यायिक अभिरक्षा में केंद्रीय जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार इस मामले में अब तक कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरफ्तार आरोपियों में विजय स्वाइन, अनिल चौधरी, गोविंद सिंह नागवंशी, कृपा शंकर उर्फ राजू कश्यप, अमित वर्मा, भीमनारायण पांडे और संजय पंडित शामिल हैं। पुलिस अन्य इलेक्ट्रॉनिक और दस्तावेजी साक्ष्य जुटाने में लगी है तथा मामले की जांच जारी है।

पीड़िता ने महिला थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि उसके साथ करीब सात वर्षों तक दुष्कर्म किया गया। पीड़िता के अनुसार, कुछ आरोपी लोक निर्माण विभाग (Public Works Department) से जुड़े रहे हैं, जबकि अन्य में कारोबारी और प्रभावशाली लोग भी शामिल बताए जा रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक, वर्ष 2018 में पीड़िता अपनी मां के साथ बिलासपुर से दुर्ग आई थी। नौकरी दिलाने के बहाने एक आरोपी ने मां-बेटी को PWD क्वार्टर में ठहराया और मां को काम दिलवाया। आरोप है कि मां के काम पर जाने के दौरान नाबालिग को अकेला पाकर आरोपियों ने दुष्कर्म किया और किसी को बताने पर धमकी दी।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यह मामला प्रदेश में कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel