Khabri Chai Desk : रायगढ़ जिले में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पी.एम. सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत एक गांव को पूर्णतः सौर ऊर्जा आधारित “सोलर मॉडल विलेज” के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए जिला स्तरीय चयन समिति ने आधिकारिक प्रक्रिया शुरू कर दी है और 5,000 से अधिक आबादी वाले 10 बड़े ग्रामों को 6 माह की प्रतिस्पर्धा में शामिल किया गया है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार राज्य में नवीकरणीय ऊर्जा के विस्तार को तेज़ी से आगे बढ़ाया जा रहा है, ताकि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के हर घर सौर ऊर्जा के लक्ष्य को धरातल पर उतारा जा सके।
प्रतियोगिता में शामिल ग्राम—
कुडुमकेला (घरघोड़ा), तमनार (तमनार), खैरपुर (रायगढ़), विजयनगर (धरमजयगढ़), तराईमाल (तमनार), गहनाझरिया (लैलूंगा), गढ़मरिया (पुसौर), छाल (धरमजयगढ़), सिसरिंगा (पुसौर), कोडातराई (पुसौर)। इन्हीं में से एक गांव जिले का पहला सोलर मॉडल विलेज बनेगा।
Also Read : पर्यटकों के लिए बड़ी खुशखबरी — धार्मिक, प्राकृतिक और सांस्कृतिक टूर एक ही पैकेज में.. https://khabrichai.com/chhattisgarh-new-tour-packages-2025/
आगामी छह महीनों में इन ग्रामों में घरेलू व सामुदायिक सौर संयंत्र स्थापना, जनजागरूकता अभियान, ग्रामीण सहभागिता, और नवीकरणीय ऊर्जा अपनाने पर विशेष फोकस किया जाएगा। इसके लिए प्रत्येक गांव में आदर्श ग्राम समिति बनाई जा रही है, जिसमें स्थानीय जनप्रतिनिधि, शिक्षक, कृषि अधिकारी, स्वास्थ्य कर्मी व सामाजिक संगठनों के सदस्य शामिल रहेंगे। समिति ग्रामीणों को सौर संयंत्र, सोलर पंप, सोलर स्ट्रीट लाइट, हाईमास्ट और पीएम कुसुम योजना जैसी ऊर्जा सुविधाओं की जानकारी डोर-टू-डोर जाकर देगी।
क्रेडा के सहायक अभियंता विक्रम वर्मा के अनुसार प्रत्येक ग्राम सामुदायिक सौर परियोजनाओं के प्रस्ताव जमा करेगा और 6 माह बाद जिला समिति मूल्यांकन करते हुए अंतिम गांव का चयन करेगी। चयनित गांव के लिए विस्तृत DPR तैयार कर 15 मार्च 2025 तक ऊर्जा विभाग को भेजा जाएगा, जिसके बाद गांव को पूरी तरह सौर ऊर्जा आधारित मॉडल ग्राम के रूप में विकसित किया जाएगा।
‘सबसे पहले छत्तीसगढ़ के समाचार जानने के लिए जुड़े हमारे What’sApp Group से : https://chat.whatsapp.com/BQBiZ96FZmA30lvDjaFqta
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.






