Khabri Chai Desk : सूरजपुर के जयनगर थाना क्षेत्र के कुंज नगर में दिवाली की रात जुआ खेलने के दौरान हुई एक व्यक्ति की मौत ने पूरे इलाके में तनाव फैला दिया। बताया गया कि पुलिस की छापेमारी के दौरान बाबूलाल राजवाड़े पिता चंद्रकेश्वर राजवाड़े कुएं में गिर गए, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया और लोगों ने नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। भीड़ देर रात थाने पहुंची और वहां पत्थरबाजी व तोड़फोड़ की, जिससे कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा, जिसमें कुछ ग्रामीण भी घायल हुए।
Also Read : रायपुर-दिल्ली रूट पर एयर इंडिया की नई फ्लाइट 26 से https://khabrichai.com/airindia-new-flight-raipur-delhi/
तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए और पूरा इलाका छावनी में तब्दील हो गया। स्थिति को सामान्य करने के लिए जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों को हस्तक्षेप करना पड़ा। अब जिला प्रशासन ने घटना की गंभीरता को देखते हुए अपर कलेक्टर की अध्यक्षता में जांच समिति गठित की है। यह समिति चार बिंदुओं पर जांच करेगी — घटना की परिस्थितियां, पुलिस पर लगे आरोपों की सत्यता, दोषियों की पहचान और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के उपाय। समिति को एक माह के भीतर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
सबसे पहले छत्तीसगढ़ के समाचार जानने के लिए जुड़े हमारे What’sApp Group से : https://chat.whatsapp.com/BQBiZ96FZmA30lvDjaFqta
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.






