U-19 वर्ल्ड कप जीत के बाद आयुष म्हात्रे की सचिन तेंदुलकर से मुलाकात, मिली आखिरी टेस्ट जर्सी

 

मुंबई।
अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 जीतने के बाद भारतीय टीम के कप्तान आयुष म्हात्रे सोमवार को महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर से मिले। जिम्बाब्वे से भारत लौटने के बाद यह उनकी पहली बड़ी सार्वजनिक मुलाकात रही। इस दौरान सचिन तेंदुलकर ने आयुष म्हात्रे को अपनी अंतिम टेस्ट सीरीज में पहनी गई जर्सी भेंट की और हाथ से लिखा हुआ एक संदेश भी दिया।

इससे पहले, अंडर-19 वर्ल्ड कप विजेता भारतीय टीम का मुंबई एयरपोर्ट पर जोरदार स्वागत किया गया। कप्तान आयुष म्हात्रे समेत टीम के सभी खिलाड़ियों को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। एयरपोर्ट पर आयुष को रिसीव करने उनका पूरा परिवार, माता-पिता सहित, पहुंचा था। खिलाड़ियों के स्वागत के दौरान टीम इंडिया की ऐतिहासिक जीत को लेकर उत्साह का माहौल देखने को मिला।

भारत लौटने के बाद आयुष म्हात्रे सचिन तेंदुलकर के निवास पहुंचे। मुलाकात के दौरान सचिन ने आयुष को अपनी वह टेस्ट जर्सी सौंपी, जिसे उन्होंने अपने टेस्ट करियर की आखिरी सीरीज में पहना था। सचिन तेंदुलकर ने आयुष को लगातार मेहनत करने, ध्यान केंद्रित रखने और किसी भी तरह के बहकावे से दूर रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि आगे के करियर में ध्यान भटकाने वाली कई चीजें सामने आएंगी, लेकिन अभ्यास और एकाग्रता बनाए रखना सबसे जरूरी है।

आयुष म्हात्रे ने इस मुलाकात का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया। वीडियो के साथ उन्होंने लिखा कि वे सचिन तेंदुलकर को स्क्रीन पर देखते हुए बड़े हुए हैं और आज उनके घर खड़े होकर उनकी क्रिकेट यात्रा का एक हिस्सा अपने हाथों में थामे हुए हैं। उन्होंने इस सम्मान के लिए सचिन तेंदुलकर का आभार जताते हुए कहा कि वे इस जर्सी को उसी सम्मान के साथ संभालकर रखेंगे, जैसा सम्मान सचिन ने वर्षों तक भारतीय क्रिकेट को दिया।

जिम्बाब्वे में खेले गए अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में आयुष म्हात्रे की कप्तानी में भारत ने खिताब अपने नाम किया। इसके साथ ही भारत अंडर-19 वर्ल्ड कप का रिकॉर्ड छठी बार चैंपियन बना। इससे पहले भारत 2000, 2008, 2012, 2018 और 2022 में यह खिताब जीत चुका है।

टूर्नामेंट में आयुष म्हात्रे ने कप्तान के तौर पर अहम भूमिका निभाई। फाइनल मुकाबले में इंग्लैंड के खिलाफ उन्होंने 51 गेंदों में 53 रन बनाए। सेमीफाइनल में अफगानिस्तान के खिलाफ उन्होंने 59 गेंदों में 62 रन की पारी खेली। पूरे टूर्नामेंट में आयुष ने 7 पारियों में कुल 214 रन बनाए और 30.57 की औसत से भारत के चौथे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे।

टूर्नामेंट में सबसे बेहतरीन प्रदर्शन वैभव सूर्यवंशी का रहा। उन्होंने 439 रन बनाए और उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। फाइनल में वैभव सूर्यवंशी ने 175 रन की पारी खेली, जिसमें 15 चौके और 15 छक्के शामिल थे। उनकी इस पारी ने भारत की जीत में निर्णायक भूमिका निभाई।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel