अंबिकापुर। विवादित सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर आकांक्षा टोप्पो को बुधवार को अंबिकापुर की कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर जिला न्यायालय में पेश किया। मामले में सुनवाई के बाद अदालत ने उन्हें जेल भेजने का आदेश दिया। कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने कड़ी सुरक्षा के बीच आकांक्षा टोप्पो को जेल पहुंचाया।

कोर्ट परिसर में जुटे भाजपा कार्यकर्ता और सर्व आदिवासी समाज के लोग
आकांक्षा टोप्पो की पेशी को लेकर जिला न्यायालय परिसर में काफी गहमागहमी रही। बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और सर्व आदिवासी समाज से जुड़े लोग कोर्ट परिसर में मौजूद रहे।
इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने आकांक्षा टोप्पो के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने ‘गालीबाज को जेल भेजो’ जैसे नारे लगाए। स्थिति को देखते हुए कोर्ट परिसर में पुलिस बल की तैनाती की गई थी।
जमानत का किया गया विरोध
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आकांक्षा टोप्पो को व्यवहार न्यायाधीश वरिष्ठ श्रेणी गुलापन राम यादव की अदालत में पेश किया। सुनवाई के दौरान अधिवक्ताओं की ओर से उनकी जमानत का विरोध किया गया।
दलीलें सुनने के बाद अदालत ने देर शाम आकांक्षा टोप्पो को जेल भेजने का आदेश दिया। पुलिस के मुताबिक, आकांक्षा के खिलाफ सरगुजा जिले के अलग-अलग थानों में पहले से 7 अपराध दर्ज हैं। मौजूदा मामले में पुलिस ने बीएनएस की धारा 111 भी जोड़ी है।
आपत्तिजनक टिप्पणी के आरोप में दर्ज हुआ था मामला
बताया गया है कि कोतवाली पुलिस ने दो दिन पहले आकांक्षा टोप्पो के खिलाफ मामला दर्ज किया था। शिकायत में सोशल मीडिया के माध्यम से कथित तौर पर आपत्तिजनक शब्दों के इस्तेमाल और समाज पर नकारात्मक प्रभाव डालने वाली टिप्पणियां करने के आरोप लगाए गए हैं।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। इसके बाद बुधवार को आकांक्षा को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया।
पेशी के दौरान सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम
पेशी को लेकर जिला न्यायालय परिसर में पहले से सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई थी। बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी, ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति न बने।
अदालत के आदेश के बाद पुलिस ने आकांक्षा टोप्पो को सुरक्षा घेरे में जेल पहुंचाया। फिलहाल मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





