कवर्धा। कबीरधाम जिले के कुकदुर क्षेत्र में हाथियों का उत्पात लगातार जारी है। जंगलों में विचरण कर रहे चार हाथियों के दल ने बीती रात केसमरदा गांव में घुसकर जमकर तोड़फोड़ की। हाथियों ने दो घरों को नुकसान पहुंचाया और वहां रखे खाद्य पदार्थों को खाकर बिखेर दिया। अचानक हाथियों के बस्ती में पहुंचने से ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।

गहरी नींद में सो रहा था परिवार, तभी घरों में घुस आए हाथी
जानकारी के मुताबिक, केसमरदा गांव में बैगा परिवार के सदस्य रात में अपने घरों में सो रहे थे। इसी दौरान चार हाथियों का दल बस्ती में पहुंच गया। हाथियों ने दो घरों में तोड़फोड़ शुरू कर दी। अचानक हुई इस घटना से ग्रामीण घबरा गए और अपनी जान बचाने के लिए घरों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागे।
शादी के लिए जुटाया था 9 बोरी चावल, हाथियों ने किया बर्बाद
इस घटना में बुधसिंह बैगा के परिवार को खासा नुकसान हुआ है। बताया जा रहा है कि परिवार में शादी की तैयारी चल रही थी और इसके लिए घर में नौ बोरी चावल रखे गए थे। हाथियों ने घर में घुसकर चावल को खाया और बिखेरकर बर्बाद कर दिया। शादी की तैयारियों के बीच हुई इस घटना से परिवार की परेशानी बढ़ गई है।
सप्ताहभर पहले हाथियों ने ली थी महिला की जान
कुकदुर क्षेत्र में हाथियों की मौजूदगी ग्रामीणों के लिए लगातार खतरा बनी हुई है। करीब एक सप्ताह पहले हाथियों के इसी दल ने बनगौरा के दलदली क्षेत्र में मितानिन बैगिनबाई पर हमला कर दिया था, जिसमें उनकी मौत हो गई थी। लगातार हो रही घटनाओं के कारण ग्रामीणों में भय का माहौल है।
वन विभाग ने ग्रामीणों को किया सतर्क
घटना के बाद वन विभाग ने ग्रामीणों को जंगल की ओर नहीं जाने और सतर्क रहने की हिदायत दी है। हाथियों की आवाजाही वाले क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है। ग्रामीणों के सामने अब अपनी सुरक्षा के साथ-साथ घरों और फसलों को हाथियों से बचाने की चुनौती भी खड़ी हो गई है।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





