रायपुर। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता भूपेश बघेल मंगलवार सुबह रायपुर के प्रसिद्ध महादेव घाट पहुंचे। यहां उन्होंने खारुन नदी में पवित्र स्नान कर धार्मिक परंपरा निभाई। खास बात यह रही कि हर साल की तरह इस बार भी उन्होंने नदी में गुलाटी मारकर डुबकी लगाई। स्नान के बाद उन्होंने हटकेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन-पूजन किया और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।

खारुन नदी में सुबह-सुबह किया स्नान
कार्तिक पूर्णिमा के मौके पर मंगलवार तड़के से ही महादेव घाट पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी थी। बड़ी संख्या में लोग खारुन नदी में पवित्र स्नान करने पहुंचे। इसी दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी घाट पहुंचे और नदी के ठंडे पानी में आस्था की डुबकी लगाई।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार कार्तिक पूर्णिमा पर नदी में स्नान, दीपदान और पूजा-अर्चना का विशेष महत्व है। इसी परंपरा का पालन करते हुए भूपेश बघेल ने भी स्नान किया। उनके घाट पहुंचने पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी भी देखने को मिली।
हटकेश्वर महादेव को अर्पित किया जल, किया दीपदान
खारुन नदी में स्नान के बाद भूपेश बघेल ने दीपदान किया। इसके बाद वे हटकेश्वरनाथ महादेव मंदिर पहुंचे, जहां भगवान शिव को जल अर्पित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रदेश में शांति, खुशहाली और समृद्धि की कामना की।
महादेव घाट पर तीन दिवसीय कार्तिक पूर्णिमा मेला
रायपुर का महादेव घाट शहर के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल है। कार्तिक पूर्णिमा सहित विशेष पर्वों पर यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इस अवसर पर खारुन नदी में स्नान और हटकेश्वर महादेव के दर्शन के लिए सुबह से ही लोगों का तांता लगा रहा।
कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर महादेव घाट में तीन दिवसीय मेले का आयोजन भी किया जा रहा है। मेले के दौरान श्रद्धालुओं और आसपास के क्षेत्रों से आने वाले लोगों की भीड़ रहने की संभावना है।
वीडियो: कार्तिक पूर्णिमा पर भूपेश बघेल के खारुन नदी में स्नान और महादेव घाट पहुंचने का दृश्य।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





