किसान परिवार की बेटी बनी सेना अधिकारी, CM विष्णुदेव साय ने किया सम्मान

रायपुर, 18 फरवरी 2026। विष्णुदेव साय ने आज मंत्रालय महानदी भवन स्थित अपने कार्यालय में संघ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित Combined Defence Services Examination (सीडीएस) परीक्षा में ऑल इंडिया चौथी रैंक प्राप्त करने वाली मुंगेली जिले की 23 वर्षीय सुप्रिया सिंह श्रीनेत को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं और उनकी इस उपलब्धि को राज्य के युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सुप्रिया की सफलता यह दर्शाती है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और प्रयास ईमानदार हों, तो साधारण पृष्ठभूमि से आने वाला युवा भी असाधारण उपलब्धि हासिल कर सकता है। उन्होंने कहा कि सुप्रिया का अनुशासन, परिश्रम और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण प्रदेश के युवाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। इस अवसर पर मुंगेली के कलेक्टर कुंदन कुमार भी उपस्थित रहे।

जिले के ग्राम टेढ़ाधौंरा की रहने वाली सुप्रिया सिंह श्रीनेत किसान परिवार से आती हैं। उनके पिता वैदेही शरण सिंह और माता संतोषी सिंह श्रीनेत ने उन्हें शिक्षा और संस्कारों का मजबूत आधार दिया। उन्होंने प्रारंभिक शिक्षा सेंट जोसेफ हायर सेकेंडरी स्कूल से प्राप्त की। कक्षा 10वीं में 71 प्रतिशत और 12वीं में 58 प्रतिशत अंक हासिल करने के बाद उन्होंने बी.टेक (इलेक्ट्रॉनिक एंड टेलीकम्युनिकेशन) में स्नातक की डिग्री प्राप्त की।

इंजीनियरिंग अध्ययन के दौरान सुप्रिया ने राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) से जुड़कर अनुशासन और नेतृत्व कौशल विकसित किया तथा जूनियर अंडर ऑफिसर के पद तक पहुंचीं। एनसीसी प्रशिक्षण के दौरान ही उनके भीतर भारतीय सेना में अधिकारी बनने का संकल्प मजबूत हुआ।

वर्ष 2023 में इंजीनियरिंग पूर्ण करने के बाद उन्होंने पूरी एकाग्रता से सीडीएस परीक्षा की तैयारी शुरू की। कठोर परिश्रम, नियमित अभ्यास और आत्मविश्वास के बल पर उन्होंने शॉर्ट सर्विस कमिशन के तहत आयोजित एसएसबी साक्षात्कार में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया चौथी रैंक हासिल की और भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट पद के लिए चयनित हुईं।

सुप्रिया की यह उपलब्धि न केवल उनकी व्यक्तिगत सफलता है, बल्कि ग्रामीण अंचल की बेटियों के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलने वाली प्रेरक कहानी भी है। शैक्षणिक और सैन्य उपलब्धियों के साथ-साथ वे सांस्कृतिक गतिविधियों में भी सक्रिय रही हैं, जिसमें नृत्य उनकी प्रमुख रुचि है। उनकी यह सफलता पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय बन गई है।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel