
रायपुर, 18 फरवरी 2026। रायपुर प्रेस क्लब द्वारा आयोजित ‘खेल मड़ई’ के अंतर्गत स्वर्गीय कुलदीप निगम स्मृति इंटरप्रेस क्रिकेट टूर्नामेंट में महिला पत्रकारों का फाइनल मुकाबला उत्साह और खेल भावना के साथ संपन्न हुआ। राजधानी रायपुर स्थित सुभाष स्टेडियम में आयोजित इस प्रतियोगिता के फाइनल में शक्ति टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विजेता ट्रॉफी अपने नाम की, जबकि तेजस्वी टीम को उपविजेता घोषित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े शामिल हुईं। उन्होंने विजेता और उपविजेता दोनों टीमों को बधाई देते हुए खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन के लिए शक्ति टीम और तेजस्वी टीम को 21-21 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। मंत्री ने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनके प्रदर्शन की सराहना की और खेल भावना को जीवन में अपनाने का संदेश दिया।

अपने संबोधन में मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन या प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि स्वस्थ और सशक्त समाज के निर्माण की महत्वपूर्ण आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि नियमित खेल गतिविधियों से शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक संतुलन भी मजबूत होता है, जिससे समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने विशेष रूप से महिला पत्रकारों की भागीदारी को सराहनीय बताते हुए कहा कि व्यस्त पेशेवर जीवन के बावजूद उनका खेलों के प्रति समर्पण अन्य लोगों के लिए प्रेरणादायक है।
मंत्री ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन आपसी समन्वय, टीम भावना और अनुशासन को बढ़ावा देते हैं तथा कार्यक्षेत्र में बेहतर तालमेल स्थापित करने में सहायक होते हैं। उन्होंने कहा कि समाज में स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए खेल गतिविधियों का व्यापक स्तर पर आयोजन आवश्यक है।
कार्यक्रम में राज्य बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष वर्णिका शर्मा, पार्षद श्रीमती अंजुम ढेबर सहित कई वरिष्ठ पत्रकार और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने महिला पत्रकारों के उत्साह, आत्मविश्वास और खेल प्रतिभा की प्रशंसा की।

इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार स्वर्गीय वीरेंद्र दीपक की स्मृति में विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान की गई। कार्यक्रम में उनके परिजन तथा पत्रकार जगत से जुड़े अनेक वरिष्ठ सदस्य भी मौजूद रहे। आयोजन समिति के संयोजक श्री विजय मिश्रा के नेतृत्व में संपन्न इस प्रतियोगिता में प्रेस क्लब के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में पत्रकारों ने भागीदारी की।
‘खेल मड़ई’ के इस आयोजन ने महिला पत्रकारों की खेल प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ ही पत्रकार समुदाय में स्वास्थ्य, सौहार्द और सकारात्मक जीवनशैली का संदेश दिया। यह आयोजन खेलों के माध्यम से सामाजिक एकता और सशक्त समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





