
इमरान खान की खराब सेहत को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता बढ़ती जा रही है। पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और पूर्व क्रिकेट कप्तान इमरान खान के स्वास्थ्य को लेकर पांच देशों के 14 पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कप्तानों ने पाकिस्तान सरकार को पत्र लिखकर उन्हें उचित चिकित्सा सुविधा देने की मांग की है। 73 वर्षीय इमरान खान अगस्त 2023 से जेल में बंद हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस पत्र पर सुनील गावस्कर, कपिल देव, ग्रेग चैपल, बेलिंडा क्लार्क, माइकल एथरटन, नासिर हुसैन, इयान चैपल, एलन बॉर्डर, माइकल ब्रियरली, डेविड गावर, किम ह्यूजेस, क्लाइव लॉयड, स्टीव वॉ और जॉन राइट सहित कई दिग्गज क्रिकेट कप्तानों ने हस्ताक्षर किए हैं। इन सभी ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से इमरान खान को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने की अपील की है।
रिपोर्ट के अनुसार इस पत्र पर किसी भी पूर्व पाकिस्तानी कप्तान के हस्ताक्षर नहीं हैं। हालांकि हाल ही में वसीम अकरम, वकार यूनिस और शाहिद अफरीदी समेत कई पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटरों ने सोशल मीडिया के जरिए इमरान के लिए उचित चिकित्सा सुविधा की मांग उठाई थी। उल्लेखनीय है कि इमरान खान 1992 में पाकिस्तान को क्रिकेट विश्व कप जिताने वाली टीम के कप्तान रहे हैं।
इमरान खान की सेहत को लेकर सामने आई रिपोर्ट में दावा किया गया है कि उनकी एक आंख की लगभग 85% रोशनी जा चुकी है। पाकिस्तानी सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर हुई जांच में पता चला कि उनकी दाहिनी आंख में खून का थक्का जमने से गंभीर नुकसान हुआ है। डॉक्टरों के इलाज और इंजेक्शन के बाद भी उनकी आंख में केवल लगभग 15% रोशनी बची है। इमरान खान का आरोप है कि उन्हें निजी डॉक्टर से इलाज कराने की अनुमति नहीं दी गई

रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि इमरान खान को अक्टूबर 2023 से अडियाला जेल में अलग-थलग रखा गया है और वे मानसिक दबाव से भी जूझ रहे हैं। उनके वकील के अनुसार नियमित स्वास्थ्य जांच नहीं हुई और दंत चिकित्सा सुविधा भी लंबे समय तक उपलब्ध नहीं कराई गई। परिवार और कानूनी टीम से मुलाकात पर भी प्रतिबंध लगाए जाने की बात सामने आई है।
इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) ने दावा किया है कि उन्हें सेंट्रल रेटिनल वेन ऑक्लूजन (CRVO) नामक गंभीर आंखों की बीमारी है। यह बीमारी आंख की नस में ब्लॉकेज के कारण होती है, जिससे रेटिना को स्थायी नुकसान और दृष्टि हानि का खतरा बढ़ जाता है। विशेषज्ञों के अनुसार समय पर इलाज न मिलने पर यह स्थिति और गंभीर हो सकती है।
रिपोर्ट में चेतावनी दी गई है कि यदि इमरान खान को तुरंत बेहतर चिकित्सा सुविधा और परिवार से मिलने की अनुमति नहीं दी गई, तो उनकी सेहत को गंभीर खतरा हो सकता है।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





