रायपुर। ग्लासगो में आयोजित राष्ट्रमंडल खेल 2026 में महिलाओं की 53 किलोग्राम भारोत्तोलन स्पर्धा में रजत पदक जीतकर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने वाली राजनांदगांव की बेटी ज्ञानेश्वरी यादव का मुख्यमंत्री निवास में आत्मीय स्वागत और अभिनंदन किया गया
इस दौरान मुख्यमंत्री ने उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई देते हुए 30 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि देने और आउट ऑफ टर्न डीएसपी पद पर पदोन्नति की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह सम्मान प्रदेश की प्रतिभा, मेहनत और संकल्प का सम्मान है।

राष्ट्रमंडल खेलों में ज्ञानेश्वरी यादव ने महिलाओं की 53 किलोग्राम भारोत्तोलन स्पर्धा में कुल 199 किलोग्राम वजन उठाकर रजत पदक हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि को छत्तीसगढ़ के खेल इतिहास में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमित संसाधनों और चुनौतियों के बावजूद लगातार मेहनत, अनुशासन और समर्पण के बल पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल करना प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि प्रदेश की बेटियों और युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए बेहतर खेल अधोसंरचना, आधुनिक प्रशिक्षण, कोचिंग और जरूरी संसाधन उपलब्ध कराने पर लगातार काम कर रही है। सरकार का लक्ष्य है कि छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी ओलंपिक, राष्ट्रमंडल और एशियाई खेलों जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर प्रदेश और देश का नाम रोशन करें।
इस अवसर पर कहा गया कि प्रतिभाओं को पहचानना, उन्हें अवसर देना और उनकी उपलब्धियों का सम्मान करना राज्य की खेल नीति का अहम हिस्सा है। ऐसी उपलब्धियां छत्तीसगढ़ को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





