दिल्ली होटल अग्निकांड में 22 की मौत, 11 विदेशी नागरिक भी हादसे का शिकार

नई दिल्ली: दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर स्थित ‘फ्लोरिश स्टे’ नामक बेड एंड ब्रेकफास्ट (B&B) होटल में बुधवार सुबह अचानक भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में 22 लोगों की जिंदा जलने और दम घुटने से मौत हो गई है, जिनमें 11 विदेशी नागरिक शामिल हैं। मृतकों में 9 अफ्रीकी देशों के और 2 तुर्कमेनिस्तान के नागरिक हैं, जबकि शेष 11 भारतीय हैं। शवों की पहचान के लिए अब DNA टेस्ट का सहारा लिया जाएगा।

जांच में सामने आया है कि इस होटल को ‘बेड एंड ब्रेकफास्ट’ योजना के तहत केवल 6 कमरों की मंजूरी मिली थी। लेकिन नियमों को ताक पर रखकर मालिक ने 5 मंजिला इमारत में 25 से अधिक कमरे बना दिए थे।

होटल के पास फायर डिपार्टमेंट की एनओसी (NOC) नहीं थी। पूरी इमारत में आने-जाने और आपातकालीन निकास (Entry-Exit) के लिए केवल एक ही रास्ता था।  प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग लगते ही सेंसर आधारित मुख्य गेट पूरी तरह जाम (Lock) हो गया, जिससे लोग बाहर नहीं भाग सके। पुलिस ने होटल मालिक लवकेश बजाज व अन्य पर गैर-इरादतन हत्या का केस दर्ज कर बजाज को देर रात गिरफ्तार कर लिया है।

घटना सुबह करीब 8:50 बजे की है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कुछ ही मिनटों में पूरी इमारत में धुआं फैल गया। वेंटिलेशन न होने और खिड़कियां पूरी तरह बंद होने के कारण यह इमारत किसी ‘चिमनी’ की तरह धधक उठी।

खाना खाने गए थे…काल निगल गया! दिल्ली में होटल अग्निकांड में गुरुग्राम के एक  ही परिवार के बच्चों समेत 8 लोग जिंदा जले - News18 हिंदी

आग की लपटें देखकर स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़े। पास में ही कंबल-गद्दे की दुकान चलाने वाले अरमान नामक युवक ने दुकान से नए गद्दे और रजाइयां निकालकर सड़क पर बिछा दीं, जिससे ऊपर से कूदे कई लोगों की जान बच गई। स्थानीय युवकों ने मिलकर कम से कम 10 लोगों को सीपीआर (CPR) देकर बचाया। फायर सर्विस, पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर कुल 58 लोगों को बाहर निकाला, जिनमें से 35 लोग घायल हैं। घायलों में 10 पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।

गुरुग्राम के सेक्टर-46 निवासी विवेक अग्रवाल मैक्स अस्पताल में भर्ती अपने पिता को देखने आए थे और पूरा परिवार इसी होटल में रुका था। इस हादसे में विवेक, उनकी पत्नी तर्जनी, मां प्रेमलता, बेटियां एंजल व पर्ल, मामा अशोक गोयल और मौसी कमला की मौत हो गई। इसके अलावा अजमेर के कारोबारी अशोक पंसारी, उनकी बुआ और फूफा ने भी दम तोड़ दिया।

इस त्रासदी के बाद दिल्ली के पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा है कि ‘बेड एंड ब्रेकफास्ट’ पॉलिसी वाले प्रतिष्ठानों की जांच की जाएगी। जिन छह कमरों से अधिक मिलने पर सीधे लाइसेंस रद्द होगा। वहीं एमसीडी (MCD) दक्षिणी दिल्ली में आज (गुरुवार) से अवैध इमारतों की सीलिंग शुरू करेगी।

रायपुर का हाल: महज 6% होटलों का ही फायर ऑडिट, 1500 में से सिर्फ 91 के पास NOC

दिल्ली हादसे ने छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के सुरक्षा इंतजामों पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। रायपुर रेलवे स्टेशन के पास की गलियों में घरों को ही गेस्ट हाउस बना दिया गया है।

फायर सेफ्टी डिपार्टमेंट के आंकड़ों के अनुसार, रायपुर शहर में वर्तमान में लगभग 1500 से अधिक होटल, रेस्टोरेंट, पब, बार और क्लब संचालित हैं। लेकिन चौंकाने वाली बात यह है कि इनमें से केवल 91 प्रतिष्ठानों के पास ही वैध फायर एनओसी (NOC) है। यानी शहर के महज 6% होटलों का ही फायर ऑडिट हुआ है, बाकी सभी बिना नियमित फायर ऑडिट और सुरक्षा मानकों की जांच के धड़ल्ले से चल रहे हैं, जो किसी बड़े हादसे को खुला निमंत्रण दे रहे हैं।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel