दुर्ग को 35 लाख का रेंज साइबर क्राइम थाना, CM विष्णुदेव साय ने किया लोकार्पण; नशे के खिलाफ ‘संकल्प अभियान’ भी शुरू

दुर्ग। छत्तीसगढ़ में साइबर अपराधों पर लगाम लगाने और नशे के खिलाफ प्रभावी अभियान चलाने की दिशा में दुर्ग पुलिस को बड़ी सौगात मिली है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार को भिलाई के सेक्टर-6 में महिला थाना के समीप लगभग 35 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित रेंज साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन भवन का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने रुआबांधा पुलिस चौकी का भी उद्घाटन किया। साथ ही दुर्ग पुलिस के ‘संकल्प अभियान–नशा मुक्ति’ का पोस्टर जारी कर अभियान की शुरुआत की।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया दुर्ग रेंज के नवीन साइबर थाना भवन का  लोकार्पण

तीन जिलों के साइबर अपराधों की होगी जांच

नवनिर्मित रेंज साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन दुर्ग रेंज के तीन जिलों दुर्ग, बालोद और बेमेतरा के क्षेत्राधिकार में काम करेगा। यहां ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी, डिजिटल अरेस्ट, सोशल मीडिया से जुड़े अपराध और अन्य तकनीक आधारित अपराधों की शिकायतों पर कार्रवाई की जाएगी।

इसके अलावा जटिल साइबर अपराधों की विवेचना और डिजिटल साक्ष्यों का वैज्ञानिक विश्लेषण भी किया जाएगा। नए साइबर थाने के शुरू होने से साइबर ठगी के पीड़ितों को त्वरित सहायता मिलने और अपराधों की जांच में तेजी आने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने लोकार्पण के बाद साइबर थाना भवन का निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने विजिटर बुक में शुभकामना संदेश भी दर्ज किया।

रुआबांधा पुलिस चौकी का भी उद्घाटन

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने रुआबांधा पुलिस चौकी का उद्घाटन भी किया। नई पुलिस चौकी शुरू होने से क्षेत्र में पुलिस की मौजूदगी मजबूत होगी। इससे स्थानीय नागरिकों को पुलिस सेवाएं आसानी से मिल सकेंगी और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में भी मदद मिलेगी।

नशे के खिलाफ तीन चरणों में चलेगा ‘संकल्प अभियान’

दुर्ग पुलिस ने नशे की समस्या से निपटने के लिए ‘संकल्प अभियान–नशा मुक्ति’ शुरू किया है। मुख्यमंत्री ने अभियान का पोस्टर जारी कर इसकी शुरुआत की। इस अभियान के तहत जागरूकता, पुलिस कार्रवाई और उपचार एवं पुनर्वास को प्राथमिकता दी जाएगी।

अभियान के तीन प्रमुख चरण निर्धारित किए गए हैं—

1. जागरूकता एवं रोकथाम: गांवों, वार्डों, शिक्षण संस्थानों और परिवारों तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाया जाएगा। युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया जाएगा।

2. पुलिस कार्रवाई: मादक पदार्थों के अवैध कारोबार और तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

3. उपचार एवं पुनर्वास: नशे की गिरफ्त में आए लोगों को उपचार और पुनर्वास की सुविधाओं से जोड़ा जाएगा, ताकि वे नशे की लत से बाहर निकलकर सामान्य जीवन की ओर लौट सकें।

इस अभियान को प्रभावी बनाने के लिए जिला प्रशासन, शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग, सामाजिक संस्थाओं, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।

साइबर ठगी और नशे की सूचना के लिए हेल्पलाइन जारी

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों की सुविधा के लिए अलग-अलग हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। इनके माध्यम से साइबर ठगी की शिकायत और नशे के अवैध कारोबार की जानकारी दी जा सकती है।

सहायता हेल्पलाइन नंबर
मानस हेल्पलाइन 1933
एएनटीएफ दुर्ग 94791-5151
साइबर वित्तीय धोखाधड़ी 1930

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और अपना ओटीपी, बैंक संबंधी जानकारी या अन्य गोपनीय विवरण किसी के साथ साझा न करें। साइबर वित्तीय धोखाधड़ी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।

कार्यक्रम में ये रहे मौजूद

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, दुर्ग सांसद विजय बघेल, ललित चंद्राकर, रिकेश सेन, वैशाली नगर विधायक, कमिश्नर सत्यनारायण राठौर, दुर्ग रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अभिषेक शांडिल्य, जिला दंडाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग सहित वरिष्ठ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel
space for Adv.

यह भी देखें...