दूर-दराज गांवों की बदलेगी तस्वीर, बस्तर में नए बस रूट तैयार

जगदलपुर। बस्तर जिले के दूरस्थ और दुर्गम ग्रामीण इलाकों को मुख्य परिवहन व्यवस्था से जोड़ने के लिए जिला प्रशासन ने अहम पहल शुरू की है। कलेक्टर आकाश छिकारा के निर्देश पर मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सेवा योजना का विस्तार किया जाएगा, जिससे जिले के अंतिम छोर पर बसे गांवों तक सार्वजनिक बस सेवा पहुंच सकेगी। इस कदम का उद्देश्य ग्रामीणों को सस्ती और सुगम परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है।

जिला प्रशासन के अनुसार, बस्तर के कई अंदरूनी क्षेत्रों में सड़क निर्माण का कार्य पूरा हो चुका है, लेकिन यात्री बसों के संचालन की व्यवस्था नहीं होने के कारण ग्रामीणों को अब भी लंबी दूरी पैदल तय करनी पड़ती है या निजी वाहनों पर निर्भर रहना पड़ता है। इसे देखते हुए प्रशासन ने नई सड़कों पर बस सेवा शुरू करने की दिशा में कार्य योजना तैयार करने का निर्णय लिया है।

कलेक्टर आकाश छिकारा ने इस विषय को समय-सीमा बैठक में शामिल कर इसे सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास केवल सड़क निर्माण तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उन सड़कों पर नियमित परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना भी जरूरी है। इससे ग्रामीणों की बाजार, अस्पताल, शैक्षणिक संस्थानों और सरकारी सेवाओं तक पहुंच आसान होगी।

इस संबंध में क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी द्वारा जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारियों और जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए हैं। अधिकारियों से कहा गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में ऐसे नए मार्गों की पहचान करें जहां यात्री बसों की तत्काल आवश्यकता है। सभी संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर प्रस्तावित मार्गों की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन द्वारा तैयार रिपोर्ट के आधार पर राज्य शासन को प्रस्ताव भेजा जाएगा, जिसके बाद चयनित मार्गों पर बस संचालन शुरू किया जाएगा। प्रशासन का मानना है कि इस पहल से न केवल ग्रामीण परिवहन व्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को भी गति मिलेगी।

स्थानीय स्तर पर इस निर्णय को ग्रामीणों के लिए राहत भरा कदम माना जा रहा है। नियमित बस सेवा शुरू होने से रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं तक पहुंच बेहतर होगी तथा दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में होने वाली परेशानियों से राहत मिलने की उम्मीद है।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel