रायपुर कोर्ट से बाप-बेटे फरार, पेशी के दौरान पुलिस को दिया चकमा

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के जिला न्यायालय परिसर से पुलिस हिरासत में लाए गए दो कैदी बाप-बेटे के फरार होने का मामला सामने आया है। पेशी के दौरान दोनों आरोपियों ने पुलिसकर्मियों को चकमा देकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने कई घंटे तक उनकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर संबंधित थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई।

जानकारी के अनुसार फरार कैदियों की पहचान राजेश मार्कण्डेय और तुलाराम मार्कण्डेय के रूप में हुई है, जो आपस में पिता-पुत्र बताए जा रहे हैं। दोनों को मारपीट और हत्या के प्रयास के आरोप में गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में रायपुर जेल में रखा गया था। बुधवार को उन्हें पेशी के लिए जिला न्यायालय लाया गया था।

बताया जा रहा है कि आरोपियों की निगरानी की जिम्मेदारी आरक्षक ईसरार गौरी को सौंपी गई थी। कोर्ट में पेशी पूरी होने के बाद जब पुलिसकर्मी दोनों को वापस जेल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, तभी कोर्ट परिसर में मौजूद भीड़ और अफरा-तफरी का फायदा उठाकर दोनों आरोपी पुलिस अभिरक्षा से निकलकर फरार हो गए।

घटना के तुरंत बाद पुलिसकर्मियों ने न्यायालय परिसर और आसपास के इलाकों में सघन तलाशी अभियान चलाया। करीब चार घंटे तक खोजबीन के बावजूद जब आरोपियों का कोई पता नहीं चला, तो सिविल लाइन थाने में मामला दर्ज कराया गया। पुलिस ने कोर्ट परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है, ताकि आरोपियों के फरार होने की दिशा और संभावित ठिकानों का पता लगाया जा सके।

इस घटना ने एक बार फिर न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि रायपुर कोर्ट परिसर से कैदियों के फरार होने का यह पहला मामला नहीं है। पूर्व में भी कई आरोपी पुलिस अभिरक्षा से भाग चुके हैं, जिनमें से कुछ अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।

स्थानीय लोगों और कानूनी विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं न्यायिक परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था में खामियों की ओर इशारा करती हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें पकड़ने का दावा किया जा रहा है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel
space for Adv.