पत्नी के प्रेमी की कुल्हाड़ी से हत्या, घर में साथ सोते देख पति ने उतारा मौत के घाट

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में प्रेम-प्रसंग का मामला खूनी वारदात में बदल गया। केरेगांव थाना क्षेत्र के ग्राम बाजार कुर्रीडीह में पत्नी के कथित प्रेमी की पति ने कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, मध्यप्रदेश के मंदसौर निवासी शंकर सूर्यवंशी का गांव की एक महिला से पिछले करीब एक वर्ष से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। बताया जा रहा है कि 8 जुलाई की रात शंकर महिला से मिलने उसके घर पहुंचा था और वहीं रुक गया।

देर रात महिला के पति योगेंद्र सोरी की नींद खुली तो उसने शंकर को घर में सोते हुए देखा। यह देखकर वह गुस्से से आगबबूला हो गया। आरोप है कि उसने घर में रखी कुल्हाड़ी उठाकर शंकर के गले पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल शंकर को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही केरेगांव थाना पुलिस और एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी जब्त कर ली।

धमतरी पुलिस ने आरोपी योगेंद्र सोरी को गिरफ्तार कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

जिले के पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, घटना के बाद गांव में सनसनी का माहौल है।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel