महादेव सट्टा केस में आज ED कोर्ट में पेश होगा सौरभ चंद्राकर, पूछताछ के लिए रिमांड मांगने की तैयारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। शुक्रवार, 13 नवंबर को उसे रायपुर सेंट्रल जेल से कड़ी सुरक्षा के बीच प्रवर्तन निदेशालय (ED) की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा। ED ने मामले से जुड़े अहम पहलुओं की जांच और पूछताछ के लिए उसकी कस्टोडियल रिमांड लेने की तैयारी की है।

CBI seeks to identify officials paid protection money by Mahadev app  kingpin | India News - The Indian Express

दरअसल, CBI कोर्ट से आवेदन खारिज होने के बाद ED ने PMLA (धन शोधन निवारण अधिनियम) की विशेष अदालत में सौरभ चंद्राकर की पेशी और कस्टडी को लेकर आवेदन प्रस्तुत किया था। अदालत ने ED के आवेदन को स्वीकार कर लिया है। इसके बाद अब पुलिस सुरक्षा में सौरभ को जेल से ED कोर्ट लाया जाएगा। पेशी के दौरान ED उससे पूछताछ के लिए रिमांड की मांग कर सकती है।

8 दिन की CBI पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेजा गया

इससे पहले सौरभ चंद्राकर की 8 दिन की CBI कस्टोडियल रिमांड पूरी होने के बाद गुरुवार को उसे विशेष अदालत में पेश किया गया था। इस दौरान CBI ने दोबारा उसकी कस्टडी की मांग नहीं की और उसे न्यायिक हिरासत में भेजने का अनुरोध किया। अदालत ने सौरभ को 19 नवंबर तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने का आदेश दिया था।

गुरुवार को हाई सिक्योरिटी के बीच CBI अधिकारी और पुलिसकर्मी उसे कोर्ट लेकर पहुंचे थे। न्यायालय की कार्रवाई पूरी होने के बाद उसे वापस रायपुर सेंट्रल जेल भेज दिया गया। इस दौरान सौरभ चंद्राकर झोला लेकर जेल के भीतर जाता हुआ भी दिखाई दिया था।

हवाला नेटवर्क और पैनल ऑपरेटरों की भूमिका पर जांच

CBI ने अपनी 8 दिनों की पूछताछ में महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप के पूरे नेटवर्क को लेकर कई अहम सवाल किए थे। जांच का प्रमुख केंद्र पैनल ऑपरेटरों की भूमिका, हवाला के जरिए करोड़ों रुपये का लेनदेन और कथित प्रोटेक्शन मनी रहा।

जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि ऑनलाइन सट्टे से अर्जित रकम किन-किन लोगों तक पहुंचाई गई और इस पूरे नेटवर्क को संचालित करने में किन लोगों की भूमिका थी।

ED की पूछताछ से खुल सकते हैं कई अहम राज

अब ED भी सौरभ चंद्राकर से पूछताछ कर इस पूरे आर्थिक नेटवर्क की परतें खोलना चाहती है। एजेंसी की जांच में यह पता लगाने की कोशिश होगी कि सट्टे से जुटाई गई रकम का इस्तेमाल कहां किया गया, हवाला के माध्यम से किन लोगों तक पैसा पहुंचा और कथित तौर पर किन प्रभावशाली लोगों को संरक्षण के बदले रकम दी गई।

महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामला लंबे समय से छत्तीसगढ़ की राजनीति और जांच एजेंसियों के लिए चर्चा का विषय बना हुआ है। ऐसे में ED कोर्ट में सौरभ चंद्राकर की आज होने वाली पेशी को मामले की जांच के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel
space for Adv.

यह भी देखें...