महान नदी पुल की बदहाल सड़क देख भड़के डिप्टी CM अरुण साव, अधिकारी को लगाई फटकार

सड़क की हालत देख नाराज हुए PWD मंत्री अरुण साव, अधिकारियों को दी सख्त चेतावनी

रायपुर। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण विभाग (PWD) मंत्री अरुण साव सरगुजा प्रवास के दौरान सड़क और पुलों की स्थिति का जायजा लेने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने प्रतापपुर-अंबिकापुर खड़गवां मार्ग पर महान नदी पुल का औचक निरीक्षण किया। पुल पर सड़क की बदहाल स्थिति देखकर वे नाराज हो गए और मौके पर मौजूद अधिकारी को कड़ी फटकार लगाई।

उप मुख्यमंत्री ने सड़क की स्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा कि मुख्य मार्ग पर स्थित इतने बड़े पुल की हालत इतनी खराब कैसे हो गई? उन्होंने अधिकारियों को तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए और लापरवाही पर नाराजगी जताई।

‘क्या अब मुझे एक-एक ब्रिज और सड़क देखनी पड़ेगी?’

निरीक्षण के दौरान अरुण साव ने अधिकारियों को स्पष्ट शब्दों में कहा कि न तो स्वीकृति की समस्या है और न ही काम में किसी तरह की बाधा होनी चाहिए। इसके बावजूद मुख्य सड़क पर स्थित पुल की ऐसी स्थिति होना गंभीर लापरवाही है।

उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा, “इतना बड़ा ब्रिज है और उसकी ये दुर्दशा! मेन रोड के ब्रिज की ये हालत बनाकर रखी है। इससे एक्सीडेंट होगा कि नहीं? क्या दुर्घटना होने का इंतजार कर रहे हो? मुझे आकर एक-एक ब्रिज, एक-एक सड़क देखना पड़ेगा।”

उन्होंने यह भी कहा कि बार-बार निर्देश देने के बाद भी यदि काम में सुधार नहीं हो रहा है, तो यह गंभीर विषय है। अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए समय पर काम करना होगा।

AC कमरों से निकलकर मैदान में काम करें अधिकारी

डिप्टी सीएम ने अधिकारियों को फील्ड में उतरकर सड़कों और पुलों की वास्तविक स्थिति का निरीक्षण करने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि केवल कार्यालयों में बैठकर कामकाज की समीक्षा करना पर्याप्त नहीं है। अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर समस्याओं की पहचान करनी होगी और उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना होगा।

अरुण साव की इस नाराजगी के बाद महान नदी पुल की सड़क की तत्काल मरम्मत के निर्देश दिए गए हैं। यह निरीक्षण सड़क सुरक्षा और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर विभागीय जिम्मेदारी पर भी सवाल खड़े करता है।

लापरवाही पर सख्त रुख के संकेत

PWD मंत्री के औचक निरीक्षण से यह स्पष्ट संदेश गया कि मुख्य मार्गों पर स्थित पुलों और सड़कों की खराब स्थिति को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। खासकर ऐसे मार्गों पर, जहां सड़क की खराब हालत दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ा सकती है, समय रहते सुधार करना जरूरी है।

अब देखना होगा कि महान नदी पुल की मरम्मत कितनी जल्दी पूरी होती है और विभाग के अधिकारी अन्य सड़कों व पुलों की स्थिति सुधारने के लिए क्या कदम उठाते हैं।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel